विज्ञापन

भारत में यहां सबसे पहले होता है सनराइज, ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल करें ये जगह, जानें कैसे पहुंचें

आज हम आपको अरुणाचल प्रदेश की एक ऐसी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जहां भारत में सबसे पहला सनराइज देखने को मिलता है. यहां पहुंचने के लिए आपको थोड़ी ट्रैकिंग भी करनी पड़ेगी.

भारत में यहां सबसे पहले होता है सनराइज, ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल करें ये जगह, जानें कैसे पहुंचें
यहां देखें भारत का पहला सनराइज का नजारा
Photo Credit: NDTV

अगर आप नेचर लवर हैं और आप सनराइज यानी उगते हुए सूरज का नजारा देखना पसंद करते हैं तो ये खबर आपके लिए हो सकती है. अधिकतर लोग सूर्योदय के नजारे का आनंद लेने के लिए समुद्र के किनारों या ऊंचे पहाड़ों पर जाते हैं. लेकिन अरुणाचल प्रदेश में एक जगह ऐसी है जहां भारत में सबसे पहला सनराइज देखने को मिलता है. साथ ही चारों ओर फैले घने जंगल, ऊंचे पहाड़ और खूबसूरत घाटियां इस नजारे को और भी ज्यादा खास बना देते हैं. आज हम आपको इसी जगह के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं. साथ ही यह भी जानेंगे कि आप यहां कैसे पहुंच सकते हैं.

डोंग वैली

आज हम बात कर रहे हैं डोंग वैली (Dong Valley) की, जो अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में डोंग गांव के पास स्थित है. यह इलाका वालोंग के पास और लोहित नदी के किनारे बसा हुआ है. इस जगह को भारत में सबसे पहले सूर्योदय देखने वाली जगहों में गिना जाता है. अगर आप भी घूमने का शौक रखते हैं तो इस जगह को अपनी बकेट लिस्ट में डाल सकते हैं.

सबसे पहले सूरज की किरणें देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि साल 1999 में इस जगह को सूर्योदय से जोड़कर पहचान मिली थी. इसके बाद साल 2000 की शुरुआत में, 1 जनवरी 2000 का भारत का पहला सूर्योदय देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे थे. इसके बाद तब से डोंग वैली सनराइज और नेचर लवर्स के बीच एक फेमस टूरिस्ट प्लेस बन गई है.

Unsplash

Unsplash

खूबसूरत नजारा देखने के लिए करनी पड़ती है ट्रैकिंग

अगर आपको यहां सनराइज का खूबसूरत नजारा देखना है, तो आपको थोड़ी मेहनत करनी होगी. दरअसल, यहां घाटी के ऊपर बने एक व्यू प्वाइंट तक पैदल ट्रैकिंग करनी होती है. साथ ही सालभर सनराइज का टाइम भी बदलता रहता है, इसलिए यहां ट्रैवल करने से पहले स्थानीय लोगों या गाइड से जानकारी जरूर लें. ट्रैकिंग के दौरान भी रास्ते में घने जंगल, हरी-भरी पहाड़ियां और खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं जो आपका मन मोह लेंगे.

सनराइज फेस्टिवल का आयोजन

डोंग वैली का सनराइज एक खास पर्यटन आयोजन का भी केंद्र बन चुका है. अरुणाचल प्रदेश सरकार ने 29 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक पहली बार सनराइज फेस्टिवल का आयोजन किया था. इस उद्देश्य डोंग वैली की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाना था. इस इवेंट में सनराइज ट्रेक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, हैंडीक्राफ्ट और कई आउटडोर एक्टिविटीज का आयोजन किया गया.

यहां कैसे पहुंचें?

आप डोंग वैली हवाई मार्ग, रेल मार्ग और सड़क मार्ग से पहुंच सकते हैं. अगर आप फ्लाइट से जाना चाहते हैं, तो असम का डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट सबसे नजदीकी बड़ा हवाई अड्डा है. यहां पहुंचने के बाद आपको सड़क मार्ग से आगे का सफर तय करना होगा. वहीं, ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए न्यू तिनसुकिया जंक्शन सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन है. देश के कई बड़े शहरों से यहां तक ट्रेन की सुविधा मिल जाती है. इसके अलावा सड़क मार्ग से पहुंचने के लिए सबसे फेमस रास्ता तिनसुकिया, तेजू, हयूलियांग और वालोंग होते हुए गुजरता है. 

यह भी पढ़ें: Rancho School In Ladakh: '3 इडियट्स' फिल्म वाला असली स्कूल, जहां आप सच में जा सकते हैं, यहां जानिए कैसे

यह भी पढ़ें: Microcation से Room Rotting तक, Gen Z ने बदल दी Travel की भाषा, जानिए इन नए Terms का मतलब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News, Travel, Dong Valley
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com