टिड्डी दल का फसलों पर अटैक किसानों और आम लोगों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं होता है. हजारों की संख्या में अचानक आने वाले ये टिड्डी कुछ ही मिनटों में खेतों की लहलहाती हरी-भरी फसलों को पूरी तरह खराब कर देते हैं. वहीं, शहरों की बात करें तो ये घरों में घुस जाते हैं जिससे लोग काफी डर जाते हैं. ऐसे में हर किसी के मन में बस यही सवाल आता है कि इनसे कैसे छुटकारा पाया जाए. अगर आप भी टिड्डियों के आतंक से परेशान हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि घर से टिड्डी को कैसे भगाएं, खेत की फसल को इनके हमले से कैसे सुरक्षित रखें और इन्हें या भगाने के लिए कौन सी दवा कारगर मानी जाती है.
टिड्डी को खेत से कैसे भगाएं | Tiddi ko khet se kaise bhagaye
खेत की बात करें तो टिड्डियां शाम के समय में खेतों में फसलों पर बैठती हैं और सुबह सूरज निकलने के बाद उड़ती हैं. ऐसे में इन्हें भगाने के लिए थाली, ढोल, नगाड़े, डीजे या टीन के डिब्बे बजाएं. दरअसल, तेज आवाज सुनकर टिड्डी भाग जाती हैं. इसके अलावा आप धुआं भी कर सकते हैं. इसके लिए आप खेत में सूखी घास जलाकर धुआं करें. इससे टिड्डी आसानी से भाग जाती हैं.

टिड्डी भगाने के लिए कौन सी दवा का उपयोग किया जा सकता है | Tiddi marne ki dawa ka naam
खेतों से टिड्डी दल को भगाने लिए मेलाथियान, क्विनालफोस और क्लोरपाइरिफोस जैसे कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इन सभी कीट नाशकों का इस्तेमाल पानी की अलग-अलग मात्रा के साथ किया जाता है. ऐसे में यूज करने से पहले निर्देशों को जरूर पढ़ लें. इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से इन कीट नाशकों को छिड़काव करते समय मुंह और हाथों को ढक कर रखें.
टिड्डी को घर से कैसे भगाएं | Tiddi ko kaise bhagaye
1. लहसुन का स्प्र करें इस्तेमाल
घर पर बने कुछ नेचुरल स्प्रे टिड्डों को दूर रखने में मदद कर सकते हैं. इसके लिए आप लहसुन के स्प्रे का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए लहसुन की कलियों को पीसकर 24 घंटे के लिए पानी में भिगोएं. इसके बाद इस पानी को छानें और स्प्रे बोतल में भर लें. अब इस पानी को छिड़कें. दरअसल, लहसुन की तीखी गंध इन कीटों को पसंद नहीं होती है, जिससे वे भाग जाते हैं.
2. नीम का तेल
टिड्डी को भगाने के लिए नीम का तेल भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसके लिए आप पानी में थोड़ा नीम का तेल मिलाएं या फिर नीम वाला लिक्विड सोप मिलाकर घर के कोनों में स्प्रे करें. नीम की गंध से भी टिड्डी बहुत जल्दी भाग जाते हैं.

3. लाल मिर्च का घोल
टिड्डी को भगाने के लिए किचन में रखी मिर्ची भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है. इसके लिए आप पानी में लाल मिर्च मिलाएं और स्प्रे कर दें. ये भी टिड्डी को घर से भगाने में काफी मददगार उपाय माना जाता है.
इन बातों का रखें ध्यान
- घर में टिड्डी को आने से रोकने के लिए दरवाजों पर मेश स्क्रीन जरूर लगाएं.
- घर में टिड्डी को भगाने के लिए किसी हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल न करें. ये आपको और पेट को नुकसान पहुंचा सकता है.
- घर के बगीचे की नियमित रूप से सफाई करते रहें.
यह भी पढ़ें: किचन और बाथरूम के नल पर जमे जिद्दी दाग, एल्युमिनियम फॉयल से मिनटों में लौटाएं नई जैसी चमक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं