How To Make Incense At Home : पूजा में चढ़ाए गए फूल कुछ समय बाद सूख जाते हैं और अक्सर इन्हें कचरे में फेंक दिया जाता है. लेकिन इन फूलों को दोबारा इस्तेमाल में लाकर घर पर सुगंधित धूपबत्ती तैयार की जा सकती है. गुलाब, गेंदा, मोगरा, चमेली और गुड़हल जैसे फूलों की पंखुड़ियों से धूपबत्ती बनाना आसान है. इससे पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का दोबारा इस्तेमाल भी हो जाता है और बाजार से धूपबत्ती खरीदने की जरूरत कम हो सकती है. आइए जानते हैं सूखे फूलों से घर पर धूपबत्ती बनाने का आसान तरीका और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
गोबर से धूपबत्ती बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?
गोबर से प्राकृतिक धूपबत्ती बनाने के लिए खासतौर पर गाय के सूखे गोबर का पाउडर, लकड़ी का बुरादा, हवन सामग्री या सुगंधित जड़ी-बूटियाँ, देसी घी और बांधने के लिए मैदा लकड़ी पाउडर या थोड़ा सा ग्वार गम वगैरह चाहिए.

फूलों को अच्छी तरह सुखाएं
भगवान को अर्पित किए गए फूलों से धूपबत्ती बनाने के लिए सबसे पहले उनमें मौजूद पत्तियां, डंठल और दूसरी चीजें अलग कर दें. इसके बाद पंखुड़ियों को साफ कपड़े या ट्रे पर फैलाकर अच्छी तरह सुखाएं. फूलों को 2-3 दिन तक ऐसी जगह रखें, जहां उन्हें पर्याप्त धूप और हवा मिल सके. ध्यान रखें कि पंखुड़ियों में नमी बिल्कुल न रहे.
सूखे फूलों का बनाएं पाउडर
जब फूल पूरी तरह सूखकर कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें मिक्सर की मदद से बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को छलनी से छान लें, ताकि उसमें मोटे टुकड़े अलग हो जाएं. बारीक पाउडर होने से मिश्रण को आकार देना आसान रहेगा.
खुशबू के लिए मिलाएं ये सामग्री
अब फूलों के पाउडर में पिसा हुआ कपूर, लोबान, गुग्गुल और हवन सामग्री का पाउडर मिलाया जा सकता है. इससे धूपबत्ती में नेचुरल सुगंध आ सकती है. अगर आप इसमें अलग खुशबू चाहते हैं, तो अपनी पसंद के अनुसार थोड़ा सुगंधित इत्र भी मिला सकते हैं.
ऐसे दें धूपबत्ती का आकार
सभी सूखी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाने के बाद जरूरत के अनुसार थोड़ा-सा देसी घी डालकर मिश्रण को गूंथ लें. ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गीला न हो. इसके बाद हाथों की मदद से इसे छोटी धूपबत्ती या अपनी पसंद के आकार में तैयार करें.
छांव में सुखाना जरूरी
तैयार धूपबत्तियों को सीधे तेज धूप में रखने के बजाय हवादार और छायादार जगह पर 1-2 दिन के लिए सुखाएं. इससे वे अच्छी तरह सूख जाएंगी. पूरी तरह सूखने के बाद इन्हें सूखी जगह पर सुरक्षित रखें और पूजा के दौरान जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करें.
इस्तेमाल करते समय रखें सावधानी
घर पर बनी धूपबत्ती जलाते समय कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें और इसे ज्वलनशील सामान से दूर रखें. जलती हुई धूपबत्ती को कभी भी बिना निगरानी के न छोड़ें.
यह भी पढ़ें: मानसून में स्किन के लिए विटामिन ई कैप्सूल कैसे इस्तेमाल करें? एक्सपर्ट से जानिए सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं