दिलजीत दोसांझ इन दिनों चर्चा में हैं. पहले दिल्ली में उनके इंडिया टूर की शुरुआत हुई तो वहीं ऋषिकेश की तस्वीरें शेयर कर उन्होंने फैंस का दिल जीता. इसी बीच दिलजीत दोसांझ की उस विवादित फिल्म की ओटीटी रिलीज का ऐलान हो गया है, जिसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस के होने के चलते भारत में फिल्म को रिलीज नहीं किया गया था. हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दिलजीत दोसांझ की फिल्म की रिलीज का ऐलान किया गया, जो कि 9 नवंबर को तय किया गया है.
सरदारजी 3 ओटीटी रिलीज
दिलजीत दोसांझ की जिस फिल्म की हम बात कर रहे हैं वह सरदारजी 3 है, जो भारत में अबतक रिलीज नहीं हुई थी क्योंकि इसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के होने के चलते बैन किया गया था. लेकिन अब चौपाल टीवी के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर दी गई जानकारी के मुताबिक, 9 नवंबर को सुबह 10 बजे सरदारजी 3 की स्ट्रीमिंग चौपाल टीवी पर होगी.
सरदारजी 3 के बारे में
दिलजीत दोसांझ की सरदारजी 3 पंजाबी हॉरर-कॉमेडी और फैंटेसी फिल्म है, जिसे अमर हुंदल ने डायरेक्ट किया था. जबकि निर्माता व्हाइट हिल स्टूडियोज़ और स्टोरी टाइम प्रोडक्शंस है. लीड रोल में दिलजीत के अलावा नीरू बाजवा, पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर, जसमीन बाजवा और गुलशन ग्रोवर नजर आए थे.
पाकिस्तानी एक्ट्रेस की कास्टिंग पर हुआ था विवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में पाकिस्तानी कलाकारों को लेकर संवेदनशील माहौल बन गया था. ऐसे समय में दिलजीत की सरदारजी 3 में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर का होना लोगों को कतई पसंद नहीं आया, जिसके बाद कई लोगों ने फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग की थी. वही इस मामले पर दिलजीत दोसांझ ने सफाई देते हुए कहा था कि फिल्म की शूटिंग काफी पहले हो चुकी थी. कलाकारों का चयन उस समय किया गया था जब मौजूदा परिस्थितियां नहीं थीं. फिल्म को एक क्रिएटिव प्रोजेक्ट के रूप में देखा जाना चाहिए.
भारत में नहीं रिलीज हुई थी फिल्म
Sardaar Ji 3 को इस विवाद के बाद भारत में रिलीज नहीं होने दिया गया था. हालांकि जून 2025 में ओवरसीज मार्केट्स जैसे कनाडा, यूके, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजिलैंड में फिल्म को रिलीज किया गया था. इसके बाद वर्ल्डवाइड फिल्म ने 23 से 40 करोड़ की कमाई हासिल की और हिट फिल्मों में शामिल हुई. वहीं अब चौपाल टीवी एप पर फिल्म रिलीज हो पाती है या नहीं यह देखना होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं