
नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में अपनी मां के साथ मताधिकार का इस्तेमाल किया। हर्षवर्धन व्हील चेयर पर बैठी अपनी को लेकर पोलिंग बूथ पहुंचे थे।
हर्षवर्धन ने मतदान के बाद संवाददाताओं से कहा, यह बीजेपी की ऐतिहासिक जीत होगी। हर्षवर्धन पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार थे, लेकिन इस बार किरण बेदी को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में आम आदमी पार्टी (आप) को बीजेपी से आगे बताए जाने पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में हर्षवर्धन ने कहा, "हम इसे सही नहीं मानते। मुझे 100 फीसदी भरोसा है कि बीजेपी जीतेगी। मैं परिणाम आने से पहले इन चुनाव सर्वेक्षणों पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।"
नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को चुनौती दे रहीं बीजेपी की नूपुर शर्मा का भी कहना है कि वह दिल्ली में बीजेपी की जीत को लेकर आश्वस्त हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं