विज्ञापन
This Article is From Oct 20, 2019

Assembly Election: मतदाताओं को पैसा बांटने के आरोप में BJP मंत्री के रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने भाजपा के भंडारा जिला प्रभारी मंत्री परिणय फुके के रिश्तेदार से 18 लाख रुपये जब्त किए हैं, शनिवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

Assembly Election: मतदाताओं को पैसा बांटने के आरोप में BJP मंत्री के रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज
प्रतीकात्मक तस्वीर.
नागपुर:

पुलिस ने भाजपा के भंडारा जिला प्रभारी मंत्री परिणय फुके के रिश्तेदार से 18 लाख रुपये जब्त किए हैं, शनिवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी. वर्तमान राज्य सरकार में लोक कल्याण विभाग, वन एवं जनजातीय विकास मंत्री फुके 21 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में साकोली विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं. अधिकारियों के अनुसार भंडारा जिले के साकोली में मतदाताओं को पैसे बांटने के अपराध में मंत्री के रिश्तेदार और कम से कम चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. नागपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक मल्लिकार्जुन प्रसन्ना ने इस बात की पुष्टि की कि शुक्रवार की रात को मंत्री के रिश्तेदार नितिन नीलकंठराव फुके से 17 लाख 74 हजार 600 रुपये जब्त किए गए. एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि साकोली से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व सांसद नाना पटोले के समर्थकों ने आरोप लगाया कि फुके के समर्थक शुक्रवार रात को मतदाताओं को धन बांट रहे थे.

साकोली थाने के एक अधिकारी ने कहा, शिकायत के अनुसार भाजपा के समर्थक एक कार में आए और मतदाताओं के बीच पैसे भरे लिफाफे वितरित किये. कांग्रेस समर्थकों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर भाजपा समर्थकों ने कथित रूप से उन पर हमला किया जिसके कारण दोनों गुटों में झड़प हो गई. झड़प के कारण दोनों पक्ष के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और निर्वाचन आयोग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया. अधिकारी ने कहा, “पुलिस ने बाद में लाल रंग के 110 लिफाफे जब्त किये जिनमें 10 लाख 50 हजार 500 रुपए थे और 106 सफेद लिफाफों में सात लाख 24 हजार 600 रुपए जब्त किए गए. ये लिफाफे जिस वाहन से बरामद हुए, उसमें फुके बैठे हुए थे.

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने बाद में एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार तीर्थानंद पटोले द्वारा दर्ज कराई गयी शिकायत के अनुसार नितिन फुके और चार अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 171 (1)(b)(e) (रिश्वतखोरी), 143 (गैरकानूनी रूप से जमावड़ा), 147 (दंगा), 148 (दंगा, घातक हथियार रखना) और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने पटोले के समर्थकों पर भी भादंसं की धाराओं 143, 147, 148, 506 (आपराधिक धमकी) और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया. फुके को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है. नाना पटोले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं. उन्होंने भाजपा के नितिन गडकरी के खिलाफ इस साल नागपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा था जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assemblyelections2019, Maharashtra, Maharashtra Election 2019, Maharashtra BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com