राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों (RMS) में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों और अभिभावकों के लिए अहम खबर है. RMS कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. आवेदन 23 सितंबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकते हैं. परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) RMS CET 2026 की लिखित परीक्षा आयोजित कर रही है.
पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में मिलेगा एडमिशन
RMS देश के प्रमुख आवासीय स्कूलों में शामिल हैं. वर्तमान में देश में पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल हैं. इनमें चैल (हिमाचल प्रदेश), अजमेर और धौलपुर (राजस्थान), बेलगावी और बेंगलुरु (कर्नाटक) शामिल हैं. NTA के अनुसार ये अंग्रेजी माध्यम के आवासीय पब्लिक स्कूल हैं और रक्षा कर्मियों के साथ-साथ नागरिकों के बच्चों को भी शिक्षा प्रदान करते हैं. कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए CET आयोजित किया जाता है.
1925 में हुई थी शुरुआत
राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों का इतिहास काफी पुराना है. इन स्कूलों की स्थापना 1925 में हुई थी. शुरुआती दौर में इन्हें रक्षा कर्मियों के बच्चों की शिक्षा से जोड़ा गया था. समय के साथ इनका दायरा बढ़ा और नागरिकों के बच्चों के लिए भी प्रवेश का रास्ता खुला. ये स्कूल आज रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित आवासीय पब्लिक स्कूलों के रूप में काम कर रहे हैं.
‘प्ले द गेम्स' से ‘शीलं परमं भूषणम्' तक
इन स्कूलों के इतिहास में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए. इन्हें पहले किंग जॉर्ज्स रॉयल इंडियन मिलिट्री स्कूल्स के रूप में जाना जाता था. बाद में स्कूलों का स्वरूप बदला और 1966 में इन्हें मिलिट्री स्कूल नाम दिया गया. इसी दौरान पुराने आदर्श वाक्य ‘‘प्ले द गेम्स' की जगह ‘शीलं परमं भूषणम्' अपनाया गया, जिसका अर्थ है- ‘चरित्र ही सर्वोच्च गुण है.' साल 2007 में इनका वर्तमान नाम राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल हुआ.
सेना के प्रशासनिक नियंत्रण में स्कूल
राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल रक्षा मंत्रालय के प्रशासनिक ढांचे के तहत संचालित होते हैं. NTA के अनुसार RMS में प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण CET है. NTA आवेदन लेने, लिखित परीक्षा आयोजित करने, उत्तरों का मूल्यांकन और स्टेज-I परिणाम जारी करने की जिम्मेदारी संभालता है. इसके बाद की प्रक्रिया, जिसमें मेडिकल परीक्षा, इंटरव्यू और अंतिम चयन शामिल हैं, RMS के अधिकार क्षेत्र में आती है।.
लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू और मेडिकल
RMS में दाखिला केवल लिखित परीक्षा तक सीमित नहीं है. CET चयन प्रक्रिया का पहला चरण है. लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया जाता है. इसमें मेडिकल परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं. अंतिम प्रवेश उपलब्ध सीटों, निर्धारित पात्रता, आरक्षण और मेरिट के आधार पर होता है.
कक्षा 6 के लिए अलग परीक्षा पैटर्न
कक्षा 6 में प्रवेश के लिए परीक्षा का स्तर संबंधित कक्षा के अनुरूप रखा जाता है. परीक्षा में मुख्य रूप से इंटेलिजेंस, सामान्य ज्ञान, गणित और अंग्रेजी जैसे विषय शामिल होते हैं. वहीं कक्षा 9 के उम्मीदवारों के लिए प्रश्नों का स्तर कक्षा 8 के अनुरूप होता है और इसमें अंग्रेजी, हिंदी, सामाजिक विज्ञान, गणित और विज्ञान जैसे विषय शामिल होते हैं. परीक्षा ऑफलाइन और OMR आधारित होती है.
फीस कैटेगरी के अनुसार तय
RMS की वार्षिक ट्यूशन फीस छात्र की श्रेणी के अनुसार अलग-अलग है. आधिकारिक RMS वेबसाइट पर उपलब्ध संशोधित फीस संरचना के अनुसार OR श्रेणी के बच्चों के लिए ₹12,000, JCO के बच्चों के लिए ₹18,000, अधिकारियों के बच्चों के लिए ₹32,000 और नागरिक श्रेणी के बच्चों के लिए ₹51,000 सालाना फीस निर्धारित है. SC/ST छात्रों के लिए संबंधित श्रेणी की फीस का 25 प्रतिशत लिया जाता है.
KIA कर्मियों के बच्चों के लिए ट्यूशन फीस नहीं
RMS की फीस संरचना में युद्ध या कार्रवाई में शहीदों के बच्चों के लिए भी विशेष प्रावधान है. आधिकारिक फीस विवरण के अनुसार शहीद (Killed in Action-KIA) कर्मियों के बच्चों से ट्यूशन फीस नहीं ली जाती. इसके अलावा RMS की पिछली आधिकारिक प्रवेश पुस्तिका में वार्षिक ट्यूशन फीस के साथ अलग-अलग श्रेणियों के लिए एकमुश्त कॉशन मनी का भी प्रावधान दिया गया है.
आवेदन से पहले आधिकारिक पोर्टल देखें
अभिभावकों और छात्रों को आवेदन करने से पहले पात्रता, आयु सीमा, सीटों, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी पूरी जानकारी आधिकारिक सूचना पुस्तिका में देखने की सलाह दी जाती है. RMS CET 2026 का आवेदन पोर्टल NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है. आवेदन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर 2026 है, जबकि CET 13 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है.
ये भी पढ़ें - BPSSC Main Written Exam Cancel: दरोगा की मुख्य लिखित परीक्षा रद्द, नई तारीख बाद में होगी जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं