Rajasthan Board Result 2026: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 5वीं, 8वीं के साथ 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी किया है. पिछले साल के मुकाबले इस बार 10वीं का रिजल्ट बेहतर रहा है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि इस बार कुल पास प्रतिशत 94.23% रहा. इसके अलावा अब रिजल्ट जारी होने के बाद अलग-अलग जिलों के टॉपर्स के नाम भी सामने आ रहे हैं. डूंगरपुर जिले में ईश्वर पाटीदार ने 99.50 पर्सेंट अंक हासिल कर टॉप किया है, जिसके बाद उनके परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल है.
ऐसा रहा डूंगरपुर जिले का रिजल्ट
राजस्थान के डूंगरपुर जिले का रिजल्ट पिछली बार की तरह की इस बार भी अच्छा रहा. इस साल पासिंग पर्सेंटेज 95.75 प्रतिशत रहा है, वहीं पिछले साल बोर्ड का रिजल्ट 95.73% रहा था. रामगढ़ के एक निजी स्कूल के छात्र ईश्वर पाटीदार ने जिले में सबसे ज्यादा 99.50 पर्सेंट अंक हासिल किए हैं. छात्र ईश्वर पाटीदार के पिता गोकुलराम पाटीदार एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर हैं, जबकि मां मोगी देवी गृहिणी हैं.
IAS बनना चाहते हैं टॉपर ईश्वर पाटीदार
डूंगरपुर जिले से टॉप करने वाले ईश्वर पाटीदार ने बताया कि वह आईएएस ऑफिसर बनना चाहते हैं. इसके लिए वो लगातार मेहनत कर रहे हैं और अभी से उनकी तैयारी भी शुरू हो चुकी है. डूंगरपुर जिले में इस बार दसवीं बोर्ड परीक्षा में 24 हजार 916 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे, जिसमें से 24 गहर 121 स्टूडेंट ने परीक्षा दी थी. इसमें से 23 हजार 96 स्टूडेंट परीक्षा में पास हुए हैं. 13 हजार 769 स्टूडेंट फर्स्ट डिवीजन, 8 हजार 198 सेकंड डिवीजन ओर 1 हजार 129 थर्ड डिवीजन पास हुए हैं. जिले का रिजल्ट 95.75 प्रतिशत रहा है.
लड़कियों ने मारी बाजी
राजस्थान में हर बार की तरह इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है. कक्षा 10वीं की परीक्षा में फर्स्ट डिवीजन से पास होने वाले उम्मीदवारों में 2,72,252 लड़के और 2,83,411 लड़कियां हैं. लड़कों का पासिंग पर्सेंटेज 93.63% रहा, जबकि लड़कियों ने 94.90% रहा. वहीं टॉपर्स की बात करें तो ज्यादातर टॉपर्स में लड़कियों का ही नाम सामने आ रहा है. कई जिलों में छात्राओं ने टॉप किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं