विज्ञापन

RBSE Result: स्कूल बस ड्राइवर पिता की बेटी ने किया कमाल, 10वीं में 99.17% अंक के साथ जिले में किया टॉप

स्कूल बस के ड्राइवर पिता की बेटी ने कमाल कर दिखाया है. राजस्थान 10वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे जिले में टॉप स्थान प्राप्त कर पूरे परिवार को खुशी दी है. (हनुमानगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट)

RBSE Result: स्कूल बस ड्राइवर पिता की बेटी ने किया कमाल, 10वीं में 99.17% अंक के साथ जिले में किया टॉप
हनुमानगढ़ की 10वीं बोर्ड टॉपर

राजस्थान बोर्ड रिजल्ट 2026 में छात्रों का काफी अच्छा प्रदर्शन रहा. इस साल 94.23% छात्रों ने 10वीं बोर्ड में सफलता हासिल की है. जबकि इसमें बेटियों ने एक बार फिर 94.90% सबसे अधिक सफलता हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा है. छात्राओं की कड़ी मेहनत देखकर परिवार ही नहीं प्रदेश भी गौरवान्वित होता है. ऐसी ही एक छात्रा हनुमानगढ़ की है. ड्राइवर पिता की बेटी ने हनुमानगढ़ में अपना परचम लहराया है. पल्लवी साहू ने जिले में टॉप किया है.

IAS बनने का सपना देखने वाली एक छात्रा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल कर ली है. जिले के नोहर क्षेत्र के गांव दुर्जाना की रहने वाली पल्लवी साहू ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में 99.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे हनुमानगढ़ जिले में पहला स्थान हासिल किया है.

पिता है स्कूल बस ट्राइवर

पल्लवी एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता सुरेश कुमार उसी टेस्ला पब्लिक स्कूल में बस ड्राइवर हैं, जहां से पल्लवी ने पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया है. सीमित संसाधनों के बावजूद पल्लवी ने अपनी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि हालात चाहे जैसे भी हों, अगर इरादे मजबूत हों तो सफलता जरूर मिलती है.

मंगलवार को जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, टेस्ला पब्लिक स्कूल में खुशी का माहौल बन गया. स्कूल स्टाफ और छात्रों ने गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर पल्लवी की इस शानदार उपलब्धि का जश्न मनाया.

स्कूल ने भी की पल्लवी की मेहनत की सराहना

स्कूल के निदेशक कुलदीप गौड़ ने बताया कि पल्लवी शुरू से ही एक मेहनती और अनुशासित छात्रा रही है. उसकी लगातार मेहनत और फोकस का ही यह परिणाम है कि उसने जिले में टॉप किया है. वहीं पल्लवी के पिता सुरेश कुमार ने बेटी की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि पल्लवी आगे अपनी रुचि के अनुसार पढ़ाई करे और अपने सपनों को साकार करे.

पल्लवी की यह उपलब्धि न सिर्फ उसके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है और अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है.

यह भी पढ़ेंः RBSE 10th Result: इस बार गणित और विज्ञान छात्रों के लिए बनी चुनौती, भाषा में शानदार प्रदर्शन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com