Question Paper Viral : देशभर में पेपर लीक को लेकर चल रही बहस के बीच अब पटना यूनिवर्सिटी में भी पेपर वायरल होने का मामला सामने आया है. शनिवार को पटना कॉलेज में आयोजित एलएलबी प्रवेश परीक्षा के दौरान एक छात्र पर परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने और प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला...
सोशल मीडिया से मिली सूचना
जानकारी के मुताबिक, एलएलबी प्रवेश परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पटना विश्वविद्यालय के तीन एग्जाम सेंटर्स पर आयोजित की गई थी. इसी दौरान पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र से दोपहर 12:02 बजे प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन हरकत में आया.
बताया जा रहा है कि जिस समय प्रश्नपत्र वायरल हुआ, उस समय परीक्षा केंद्र पर लगा जैमर बंद था. सूचना मिलने के बाद तत्काल जैमर चालू कराया गया. विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्रश्नपत्र की तस्वीर सोशल मीडिया पर जरूर पहुंची, लेकिन उसका उत्तर परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं पहुंच पाया. इसलिए परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने के तत्काल कोई प्रमाण नहीं मिले हैं.
पटना विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बी.के. लाल ने बताया कि दोपहर 12:02 बजे प्रश्नपत्र वायरल होने की पुष्टि हुई. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर कुछ छात्र मोबाइल फोन लेकर पहुंचे थे. सूचना मिलने के बाद छात्रों के मोबाइल फोन की जांच की गई, लेकिन किसी भी मोबाइल में वायरल प्रश्नपत्र नहीं मिला.
छात्र है फरार
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, जिस छात्र पर प्रश्नपत्र वायरल करने का आरोप है, वह परीक्षा केंद्र से फरार हो गया. उसके मोबाइल फोन को जब्त किए जाने की भी सूचना है। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रश्नपत्र किस तरह सोशल मीडिया तक पहुंचा.
देश में हाल के दिनों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और प्रश्नपत्र वायरल होने के मामलों को लेकर लगातार विवाद हो रहा है. ऐसे समय में पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रवेश परीक्षा के दौरान सामने आई यह घटना सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रबंधन पर भी सवाल खड़े कर रही है. फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.
यह भी पढ़ें- रांची में 9 दिन से डटे अभ्यर्थी, JPSC और JSSC भर्ती विवाद पर सरकार से मांग रहे जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं