JPSC-JSSC CONTROVERSY : 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं और JSSC की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राजधानी रांची का जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पिछले नौ दिनों से छात्रों के आंदोलन का केंद्र बना हुआ है. अभ्यर्थी सरकार से पारदर्शी जांच, निष्पक्ष कार्रवाई और लंबित भर्तियों पर जल्द फैसला लेने की मांग कर रहे हैं. इस बीच 'छात्रों की गूंज' के जिला संयोजक एवं रांची कांग्रेस महानगर अध्यक्ष कुमार राजा भी आंदोलन स्थल पहुंचे, छात्रों की बातें सुनीं और उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा दिया. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला...
सिर्फ इंतजार और धोखा
आंदोलन की सबसे बड़ी वजह है 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे सवाल. इसके साथ ही JSSC की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद और लंबित नियुक्तियों को लेकर भी छात्र सरकार से जवाब मांग रहे हैं. छात्रों का कहना है कि वर्षों की मेहनत के बाद भी उन्हें सिर्फ इंतजार और धोखा ही मिला है.
धरना स्थल पर छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भावुक अपील की. हाथ जोड़कर उन्होंने कहा कि उनकी मांगों को राजनीति से जोड़कर नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़े सवाल के रूप में देखा जाए. अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकला, तो इसका असर हजारों परिवारों पर पड़ेगा.
जब तक ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन रहेगा जारी
आंदोलन के नौवें दिन 'छात्रों की गूंज' के जिला संयोजक एवं रांची कांग्रेस महानगर अध्यक्ष कुमार राजा भी धरना स्थल पहुंचे. उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से विस्तार से बातचीत की, उनकी मांगों को नोट किया और भरोसा दिलाया कि 14वीं JPSC और JSSC से जुड़े सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है और इस दिशा में जल्द पहल की जाएगी.
हालांकि, पूरे मामले की जांच सीआईडी कर रही और अभी तक दस लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है लेकिन आंदोलन कर रहे छात्रों का साफ कहना है कि जब तक 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और JSSC से जुड़े लंबित मुद्दों पर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. अब देखना होगा कि छात्रों की इस आवाज पर सरकार कब और क्या कदम उठाती है.
यह भी पढ़ें- SSC Stenographer 2025: स्किल टेस्ट विवाद के बाद जारी हुई नई मेरिट लिस्ट, 1715 उम्मीदवारों को मिला चांस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं