विज्ञापन

TRE-4 को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र नेता हिरासत में, लाठीचार्ज के बाद अभ्यर्थियों ने की NDTV से बात

Patna TRE-4 Aspirants Protest: बिहार लोक सेवा आयोग के खिलाफ राजधानी पटना में जोरदार प्रदर्शन हो रहा है. अभ्यर्थियों का कहना है कि टीआरई-4 नोटिफिकेशन अब तक जारी नहीं हुआ है, इसे लेकर आयोग ने चुप्पी साधी हुई है.

TRE-4 को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र नेता हिरासत में, लाठीचार्ज के बाद अभ्यर्थियों ने की NDTV से बात
TRE-4 नोटिफिकेशन को लेकर प्रदर्शन

Patna TRE-4 Aspirants Protest: बिहार की राजधानी पटना में हजारों अभ्यर्थियों ने एक साथ मिलकर बिहार लोक सेवा आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. ये सभी टीआरई-4 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी हैं, जो पिछले लंबे वक्त से नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे थे. कई बार प्रदर्शन की चेतावनी के बावजूद जब नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ तो सभी ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज भी हुआ और अब छात्र नेताओं को हिरासत में भी ले लिया गया है. लाठीचार्ज और हिरासत के बाद अभ्यर्थी गुस्से में हैं और उन्होंने एनडीटीवी से बातचीत में भी इस बात का जिक्र किया. 

बीच में ही रोके गए अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों का मार्च पटना कॉलेज से शुरू हुआ था, जिसे BPSC कार्यालय तक जाना था, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर जेपी गोलंबर पर ही अभ्यर्थियों को रोक दिया. इसके बाद जब अभ्यर्थियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया. इस लाठीचार्ज में कई कई अभ्यर्थी घायल हुए हैं. वहीं छात्र नेता दिलीप के साथ कई अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया गया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं अभ्यर्थी?

बिहार में टीआरई-4 भर्ती का इंतजार करीब दो साल से हो रहा है, पहले अभ्यर्थी इस बात से नाराज थे कि इस भर्ती का परीक्षा कैलेंडर में जिक्र नहीं हुआ था. इसके कुछ दिन बाद नया कैलेंडर जारी हुआ और बताया गया कि सितंबर में टीआरई-4 भर्ती परीक्षा होगी. इसके बाद बीपीएसई एग्जाम कंट्रोलर ने एक वीडियो में कहा कि 20 अप्रैल तक इस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है. ऐसे में अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जाए. 

अपना हक लेकर रहेंगे...एनडीटीवी से बोले अभ्यर्थी

NDTV से बात करते हुए अभ्यर्थियों ने कहा कि पहले बिना मेन्स के टीआरई-4 की बात कही गई थी, लेकिन अब मेन्स लिया जा रहा है. हम किसी भी हाल में नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे हैं. बिना इसके हम यहां से नहीं हिलेंगे. महिला अभ्यर्थी ने कहा कि इन लोगों ने बैरियर लगा दिए, हम अपना हक मांगने आए हैं. अगर हमें हमारा हक नहीं मिलता है तो हम यहीं अपनी जान दे देंगे. अभ्यर्थियों ने कहा कि BPSC ने बिना कोई नोटिस दिए नोटिफिकेशन रोका है, आयोग ने अब तक कुछ भी नहीं बताया है कि टीआरई-4 का नोटिफिकेशन क्यों रोका गया है. 

अभ्यर्थियों की आवाज उठाएगा NDTV

छात्रों या फिर अभ्यर्थियों की ऐसी ही मांगों या फिर समस्याओं को एनडीटीवी जोरदार तरीके से उठा रहा है. किसी भी छात्र, अभ्यर्थी या फिर उनके पेरेंट्स को अगर कोई भी समस्या है तो वो हमें बता सकते हैं. इसके लिए उन्हें educationkhabar@ndtv.com पर मेल करना होगा. इस मेल के साथ अपना नाम और मोबाइल नंबर भी भेजें, जिसके बाद हम आपसे संपर्क करेंगे और आपकी आवाज को लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे. 

ये भी पढ़ें - CUET UG परीक्षा से पहले NTA ने जारी की जरूरी गाइडलाइन, ड्रेस कोड से लेकर एंट्री तक की हर जानकारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com