'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों, माता-पिता और शिक्षकों से परीक्षा से जुड़े तनाव, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को लेकर संवाद करते हैं. यह कार्यक्रम शिक्षा मंत्रालय द्वारा हर साल आयोजित किया जाता है. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करना है. इस साल 'परीक्षा पे चर्चा शुरू' का 9वां संस्करण 6 फरवरी, 2026 को होने जा रहा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी छात्रों के साथ परीक्षा और तैयारी पर बातचीत करेंगे.
कितने बजे शुरू होगा कार्यक्रम, कहां देख पाएंगे लाइव?
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण DD न्यूज, DD इंडिया, DD नेशनल और ऑल इंडिया रेडियो पर किया जाएगा. साथ ही शिक्षा मंत्रालय के यूट्यूब चैनल और Mygov.in पोर्टल पर भी इस कार्यक्रम को देखा जा सकेगा. ये कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा. इस वर्ष, परीक्षार्थियों के साथ संवाद सत्र गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और दिल्ली में सात, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित किए गए. पीएम मोदी ने हाल ही में ‘एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा था, ‘‘हमेशा की तरह, अपने युवा दोस्तों के साथ बातचीत करना और तनाव मुक्त परीक्षाओं एवं कई अन्य चीजों पर चर्चा करना ताजगी भरा होता है.''
पीएम एक वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसमें पीएम मोदी बच्चों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं और उनके कंफ्यूजन को दूर कर परीक्षा का स्ट्रेस कम कर रहे हैं. एक छात्र ने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, "हमने ऐसा अपने सपने में भी नहीं सोचा था कि पीएम मोदी खुद हमसे मिलेंगे." वहीं, पीएम मोदी ने सभी बच्चों से पूछा कि उन्होंने कुछ खाया या नहीं, जिसका जवाब सभी ने हां में दिया. इस दौरान कुछ छात्रों ने पीएम से सवाल पूछे, "रोजाना कौन सी एक छोटी सी हैबिट अपनानी चाहिए, जिससे हम अपने सपने के नजदीक पहुंचते जाएं? हमें मोटिवेशन की जरूरत है या अनुशासन की? आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए आप हमें क्या सलाह देना चाहेंगे? आपने अपने तनाव को कैसे हैंडल किया?"
पीएम ने बच्चों से कहा, "परीक्षा के लिए सबसे अच्छी चीज होती है, लिखने की आदत डालना. आप मान के चलिए, आपने जो पढ़ा है, वो कहीं ना कहीं तो स्टोरेज है. आप अपने पैटर्न पर पूरा भरोसा करो. हर एक को हर चीज नहीं आती है, लेकिन हर एक को कुछ न कुछ तो आता ही है."
4.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया
इस साल ‘परीक्षा पे चर्चा' के लिए 4.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया और इसके अतिरिक्त 2.26 करोड़ लोगों ने इस कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया. इस प्रकार इस वर्ष कुल भागीदारी 6.76 करोड़ से अधिक हो गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं