PM Modi's Pariksha Pe Charcha 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 फरवरी को 'परीक्षा पे चर्चा' के अपने दूसरे एपिसोड में छात्रों से बातचीत करेंगे. इस सेशन के दौरान, वह बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों के साथ परीक्षा की तैयारी, स्ट्रेस मैनेजमेंट और दूसरी चुनौतियों से कैसे लड़े इससे जुड़ी सलाह देंगे. इस बार 'परीक्षा पे चर्चा' के 9वें एडिशन में 4.5 करोड़ से ज़्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं. पहला एपिसोड 6 फरवरी को टेलीकास्ट हुआ था. इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने स्टूडेंट्स के कई सवालों के जवाब दिए थे. वहीं अब परीक्षा पे चर्चा का दूसरा एपिसोड 9 फरवरी, 2026 को सुबह 10 बजे शुरू होने वाला है.
कहां देख सकते हैं 'परीक्षा पे चर्चा'
'परीक्षा पे चर्चा 2026' का प्रसारण दूरदर्शन के चैनलों पर होगा. DD नेशनल, DD न्यूज़ और DD इंडिया के साथ-साथ कई प्राइवेट टेलीविज़न नेटवर्क पर भी इस देखा जा सकता है. इसके अलावा ऑल इंडिया रेडियो पर भी इसे सुना जा सकता है. इस कार्यक्रम को PMO, शिक्षा मंत्रालय (MoE), दूरदर्शन और MyGov.in जैसे आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ YouTube (MoE), Facebook Live और स्वयं प्रभा चैनलों पर भी लाइव स्ट्रीम किया जाएगा.
'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम साल 2018 में शुरू हुआ था. वर्ष 2023 में लगभग 38.8 लाख बच्चों ने ‘परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया और यह 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 2.26 करोड़ हो गया था. 2025 में यह आंकड़ा 3.53 करोड़ तक पहुंच गया और ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बन गया. वहीं, नौवें संस्करण ने 4.5 करोड़ से अधिक पंजीकरण के साथ पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया.
परीक्षा पे चर्चा 2026 से पहले, देश भर के स्कूलों में स्टूडेंट्स के लिए कई एक्टिविटीज़ आयोजित की गई थी. इन एक्टिविटीज़ में लगभग 4.81 करोड़ स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं