NTA ने नीट यूजी (NEET-UG) रिएग्जाम के लिए पूरे 95,000 दीवार घड़ियां खरीदीं. जिन्हें 21 जून को आयोजित हुई नीट-यूजी री-एग्जाम के लिए इन घड़ियों को देश और विदेश के सभी परीक्षा केंद्रों के लगभग हर कमरे में लगाया गया था. इसका सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि छात्र समय का सही उपयोग कर सके और उन्हें बार-बार समय की चिंता नहीं सताए. एनटीए के कड़े नियमों के मुताबिक, परीक्षा हॉल के अंदर डिजिटल या सुई वाली (एनालॉग) किसी भी तरह की घड़ी पहनकर जाने पर पूरी तरह पाबंदी थी. ऐसे में परीक्षा कमरे में दीवार घड़ी होने से छात्रों को समय देखने में बहुत आसानी हुई.
छात्रों के फीडबैक से मिला नया आइडिया
एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि 3 मई को रद्द हुई परीक्षा के बाद छात्रों से उनका फीडबैक ली गई थी. इसमें बहुत सारे छात्रों ने यह मांग रखी थी कि परीक्षा के दौरान समय लगातार दिखाई देना चाहिए, जिससे वे अपने टाइम को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकें. हालांकि कुछ केंद्रों पर पहले से घड़ियां थीं, लेकिन ज्यादातर जगहों पर यह सुविधा नहीं थी. सभी छात्रों को एक जैसी सुविधा देने के लिए एनटीए ने मई के आखिर में यह फैसला लिया.
सिर्फ तीन हफ्ते के कम समय में बड़ी कंपनियां एक साथ 95,000 घड़ियों की सप्लाई नहीं कर पा रही थीं. ऐसे में एनटीए ने कई छोटी कंपनियों से घड़ियां खरीदकर इस काम को समय पर पूरा किया.
अब क्या होगा इन घड़ियों का?
री-एग्जाम खत्म होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह था कि इन घड़ियों का क्या किया जाएगा? एनटीए ने इस पर एक बेहतरीन फैसला लिया है. ये सभी घड़ियां उन्हीं स्कूलों को तोहफे में दे दी जाएंगी जहां परीक्षा आयोजित हुई थी, ताकि वहां पढ़ने वाले आम छात्रों को भविष्य में इसका फायदा मिल सके. एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह के मुताबिक, इन स्कूलों के कई छात्र आगे चलकर नीट की तैयारी करेंगे, इसलिए यह उनके लिए बहुत काम आएगी.
आगे भी नीट-यूजी परीक्षा में घड़िया लगाई जाएंगी
बता दें कि इस री-एग्जाम में भारत और विदेशों के 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 20 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए. अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि आने वाले समय में होने वाली नीट-यूजी की परीक्षाओं में भी परीक्षा कमरों में घड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी.
पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द हुई परीक्षा के एक महीने बाद यह री-एग्जाम कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ. एनटीए ने परीक्षा को पूरी तरह सफल बताया है, हालांकि कुछ छात्रों का कहना था कि इस बार का पेपर पहले के मुकाबले थोड़ा कठिन था.
जल्द आएगा रिजल्ट
फिलहाल, एनटीए ने नीट यूजी 2026 दोबारा परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की (Provisional Answer Key) जारी कर दी है. ओएमआर रिस्पॉन्स शीट पर अभी काम चल रहा है और इसे जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा. आंसर की आने के बाद अब छात्र अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. महानिदेशक ने भरोसा दिया है कि री-एग्जाम का रिजल्ट बहुत जल्द जारी किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- देश में पेपर लीक का संकट: NEET UG से लेकर MAHA TET तक, दांव पर करोड़ों छात्रों का भविष्य
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं