NEET UG के बाद अब NTA एक बार फिर विवादों में घिर गया है. इस बार UGC NET के तीन पेपर्स को रद्द कर दिया गया है. तमाम शिकायतों और आरोपों के बाद एनटीए ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा को रद्द किया है और इनके लिए नई तारीखों का ऐलान किया है. जून में हुई परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थियों ने इसे लेकर सवाल उठाए थे, लेकिन एनटीए की तरफ से इसे लेकर कुछ भी नहीं कहा गया. अब सवाल है कि आखिर प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद क्यों पेपर रद्द करने का फैसला लिया गया और इसका सबसे बड़ा कारण क्या था.
NTA ने क्या बताया?
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से बताया गया है कि जिन तीनों विषयों की परीक्षा को रद्द किया गया है, उनके क्वेश्चन पेपर्स में कई तरह की गड़बड़ियां पाई गईं. इनमें स्पेलिंग मिस्टेक से लेकर प्रिंटिंग की गलतियां शामिल थीं. इसके अलावा इन पेपर्स में पूछे गए सवाल रिपीट किए गए थे और छात्रों ने भी इसका जिक्र किया था. ऐसे में सिर्फ सवालों को हटाकर इस गलती को ठीक नहीं किया जा सकता था. NTA ने बताया है कि शिकायतों के बाद एक कमेटी बनाई गई थी, जिसकी सिफारिश पर री-एग्जाम कराया जा रहा है.
आंसर की जारी होने के तुरंत बाद क्यों हुआ ऐलान?
NTA की तरफ से प्रोविजनल आंसर की जारी की गई थी, जिसके बाद ये परीक्षा रद्द करने का ऐलान किया गया. जो अभ्यर्थी परीक्षा के बाद आरोप लगा रहे थे, उनकी सुनवाई पहले नहीं हुई थी. ऐसे में ये सभी आंसर की का इंतजार कर रहे थे और इसके जारी होने के बाद उन तमाम सवालों को चुनौती देते, जिन्हें लेकर विवाद था. क्योंकि गलती सिर्फ दो-चार सवालों में नहीं थी, ऐसे में एनटीए ने चैलेंज विंडो खुलने से पहले ही ऐलान कर दिया कि तीनों पेपर्स की परीक्षा दोबारा कराई जाएगी.
अभ्यर्थियों ने क्या आरोप लगाए?
- सवालों को गलत तरीके से लिखा गया था
- अंग्रेजी के सवालों में स्पेलिंग मिस्टेक्स
- बड़ी संख्या में पिछले सालों के सवालों का आना
- व्याकरण की गलती से सवालों का समझ नहीं आना
कब होगी तीनों विषयों की परीक्षा?
UGC NET के 87 में से 84 विषयों का रिजल्ट और बाकी चीजें वक्त पर होंगीं, लेकिन तीन विषयों की परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान किया गया है. अंग्रेजी और कॉमर्स का एग्जाम 9 सितंबर को आयोजित किया जाएगा, जबकि 10 सितंबर को पहली शिफ्ट में सोशियोलॉजी का पेपर होगा. एनटीए ने ये भी बताया है कि इन परीक्षाओं के लिए दोबारा कोई फीस नहीं ली जाएगी.
ये भी पढ़ें - 10 मिनट में लॉगआउट, की-बोर्ड भी खराब... बॉम्बे हाईकोर्ट भर्ती परीक्षा को लेकर बवाल, री-एग्जाम की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं