नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU), बेंगलुरु ने2026 बैच का अपना 34वां दीक्षांत समारोह रद्द कर दिया है. इसके लिए कारण साफ नहीं किया गया है. ये फैसला यूनिवर्सिटी की तरफ से छात्रों को दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को आयोजित किए जाने की जानकारी देने के कुछ हफ्तों बाद आया है. 27 अगस्त को जारी एक नोटिस में NLSIU ने कहा कि सभी पास आउट होने वाले छात्रों को यूनिवर्सिटी की गवर्निंग बॉडी की मंजूरी के बाद डिग्रियां दी जाएंगी. दीक्षांत समारोह को रद्द करने का ये फैसला NLSIU के छात्रों का चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की मौजूदगी का विरोध करने के बीच आया है.
विवादों में रहा था दीक्षांत समारोह
कुछ दिन पहले नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) के 700 से ज्यादा छात्रों और पूर्व छात्रों ने सीजेआई सूर्यकांत और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा का दीक्षांत समारोह में आने का विरोध किया था. छात्रों ने बार काउंसिल चेयरमैन मनन मिश्रा से मांग की थी कि वो बिना शर्त नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के छात्रों से माफी मांगें, जिन्हें लेकर BCI चेयरमैन ने लॉ प्रैक्टिस करने से रोकने का आदेश जारी किया था. छात्रों के विरोध के बाद NLSIU में 12 सितंबर को समारोह कराने की बात कही गई थी. हालांकि अब यूनिवर्सिटी की तरफ से पूरे दीक्षांत समारोह को ही रद्द कर दिया गया है.
जल्द जारी होगी गाइडलाइन
यूनिवर्सिटी की तरफ से बताया गया है कि डिग्री लेने और बाकी चीजों को लेकर जल्द ही एक फॉर्म के साथ गाइडलाइन जारी होगी. छात्रों के पास अपनी डिग्री कूरियर से मंगवाने या सीधे कैंपस से लेने का विकल्प होगा.
क्या है NALSAR का विवाद?
हैदराबाद स्थिति NALSAR लॉ यूनिवर्सिटी से ये विवाद सबसे पहले शुरू हुआ था, जिसके बाद देश की अलग-अलग लॉ यूनिवर्सिटीज के छात्रों ने भी विरोध शुरू कर दिया. NALSAR के कई छात्रों ने सीजेआई सूर्यकांत से नाराजगी जताते हुए दीक्षांत समारोह में उनकी मौजूदगी का विरोध किया था, उनका कहना था कि वो सीजेआई से डिग्री नहीं लेना चाहते हैं. इसे लेकर उनकी तरफ से चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को भी लेटर लिखा गया. इसी बीच 13 अगस्त को बार काउंसिल के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने एक फरमान जारी कर दिया, जिसमें NALSAR के 2026 बैच के छात्रों के नामांकन पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई थी. भारी विरोध के बाद कुछ ही घंटे में ये फैसला वापस ले लिया गया. इसके बाद बाकी लॉ यूनिवर्सिटीज में भी मनन मिश्रा का विरोध शुरू हो गया.
ये भी पढ़ें - NEET-JEE के लेवल को मैच नहीं कर रही स्कूली पढ़ाई, एक्सपर्ट कमेटी ने बताया क्यों बढ़ रहा कोचिंग कल्चर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं