लाखों छात्रों के लिए NEET-UG सिर्फ एक प्रतियोगी परीक्षा नहीं, बल्कि डॉक्टर बनने के सपने की ओर बढ़ाया गया पहला महत्वपूर्ण कदम होती है. इसी सपने को अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों के बल पर साकार किया है कानपुर के जतीन निषाद ने. साधारण परिवार से आने वाले जतीन ने NEET-UG परीक्षा में 612 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6656 प्राप्त की है और सफलता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है. पिता की मेहनत देखकर बेटे ने पढ़ाई में मन लगाया और अब डॉक्टर बनने का सपना साकार होने जा रहा है.
टेलर पिता की मेहनत बनी सबसे बड़ी प्रेरणा
जतीन के पिता रवि शंकर निषाद एक बुटीक में टेलर का काम करते हैं, जबकि उनकी मां शानू निषाद गृहिणी हैं. परिवार की आर्थिक परिस्थितियां सीमित थी, लेकिन बेटे की पढ़ाई और उसके सपने के आगे परिवार ने कभी हिम्मत नहीं हारी. जतीन कहते हैं कि उनके पिता की मेहनत ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रही.
कोचिंग, NCERT और लगातार अभ्यास से मिली सफलता
जतीन ने अपनी तैयारी न्यू लाइट इंस्टीट्यूट से की. कोचिंग के साथ-साथ जतीन ने नियमित रूप से NCERT की किताबों का अध्ययन, MCQ की प्रैक्टिस, लगातार रिवीजन और मॉक टेस्ट पर विशेष ध्यान दिया.
दबाव था, लेकिन हार मानने का कभी नहीं आया ख्याल
पढ़ाई के दौरान उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती मानसिक दबाव और लाखों अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा थी. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने उपलब्ध साधनों का बेहतर उपयोग किया और कभी हार नहीं मानी. टेस्ट में अपेक्षा से कम अंक आने पर भी उन्होंने निराश होने के बजाय अपनी गलतियों का विश्लेषण किया और कमजोर विषयों पर अधिक मेहनत की.
रोजाना घंटों की पढ़ाई, फिजिक्स पर फोकस
जतीन का कहना है कि तैयारी के दौरान वह रोज करीब 6 घंटे कोचिंग और 5 से 6 घंटे घर पर पढ़ाई करते थे. हालांकि पढ़ाई के घंटे अक्सर बदलते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई दिन नहीं जाने दिया जब कम से कम दो घंटे भी पढ़ाई न की हो. उन्होंने बताया कि फिजिक्स उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण विषय था. इससे बचने के बजाय उन्होंने रोजाना सवाल हल किए. इसी रणनीति ने इस विषय में उनकी पकड़ मजबूत हुई.
NEET परीक्षा में पारदर्शिता पर क्या बोले जतीन?
नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर जतीन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और पक्षपात रहित होनी चाहिए, ताकि हर मेहनती छात्र को उसकी मेहनत का उचित परिणाम मिल सके और परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का विश्वास बना रहे.
अब कार्डियोलॉजिस्ट बनने का है सपना
भविष्य की योजनाओं के बारे में जतीन बताते हैं कि उनका सपना कार्डियोलॉजिस्ट बनने का है. MBBS के बाद वह हृदय रोग विशेषज्ञ के रूप में आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं. उनके अनुसार, हृदय संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं और वह इस क्षेत्र में मरीजों का बेहतर इलाज कर समाज की सेवा करना चाहते हैं.
NEET कैंडिडेट्स को क्या दी सलाह?
अपने जैसे छोटे शहरों और साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों के लिए जतीन का संदेश है कि परिस्थितियों को अपनी कमजोरी न बनने दें. उनका कहना है कि नियमित पढ़ाई, सही रणनीति, लगातार रिवीजन और खुद पर विश्वास ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र को अपनी परिस्थितियों के कारण खुद को कम नहीं आंकना चाहिए.
ये भी पढ़ें - दूसरों के लिए रोटियां सेकते बीते 15 साल, अब उसी रसोइया की बेटी बनेगी डॉक्टर, बिना कोचिंग दिव्या ने निकाला NEET
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं