NEET री-एग्जाम शुरू हो चुका है और देशभर के हजारों एग्जाम सेंटर्स में 22 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा दे रहे हैं. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से बताया गया था कि एग्जाम शुरू होने से पहले ठीक 1:30 बजे यानी आधे घंटे पहले ही गेट बंद कर दिए जाएंगे, इसके बाद किसी भी छात्र को एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं मिलेगी. देशभर के तमाम सेंटर्स पर ऐसा ही हुआ और उन छात्रों को भी अंदर नहीं जाने दिया गया, जो 5 या फिर दो मिनट की देरी से पहुंचे थे. फरीदाबाद के एग्जाम सेंटर में परीक्षा देने पहुंचे आयुष नेगी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जिन्हें पांच मिनट की देरी भारी पड़ गई और मायूस होकर वापस लौटना पड़ा.
पेरेंट्स की अपील के बाद भी नहीं मिली एंट्री
फरीदाबाद के जवाहर लाल नेहरू सरकारी कॉलेज में बने NEET परीक्षा सेंटर पर 5 मिनट लेट पहुंचे छात्र आयुष नेगी को गेट बंद होने के कारण वापस जाना पड़ा. आयुष कॉलेज के गेट पर 1:35 मिनट पर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने अंदर जाने से माना कर दिया. मौके पर मौजूद कई पेरेंट्स ने छात्र को एंट्री देने के लिए अनुरोध किया, लेकिन पुलिस ने कहा 1:30 बजे के बाद अंदर नहीं ले सकते हैं. ऊपर से आदेश है, जिसका हम पालन कर रहे हैं. उनके मुताबिक बायोमेट्रिक मशीन में एंट्री 1:30 बजे तक ही होगी, उसके बाद कोई एंट्री नहीं होगी.
3 मई को दी थी परीक्षा
आयुष ने 3 मई को हुई नीट परीक्षा दी थी, उस समय उनका पेपर अच्छा गया था. आज उनके मुताबिक, घर से समय पर निकले थे लेकिन बदरपुर के रास्ते में जाम होने के कारण अंदर गलियों से आए इस वजह से लेट हो गए. पेपर छूटने का दर्द और उदासी दोनों आयुष के चेहरे पर नजर आ रहा था. आयुष और उनके पिता करीब 15 मिनट तक गेट पर खड़े रहे और अंदर जाने के लिए पूछते रहे, लेकिन अंत में उन्हें वापस घर जाना पड़ा. आयुष का यह पहला नीट अटेम्प्ट था, उन्होंने इसके अलावा NDA की परीक्षा का फॉर्म भरा है, जिसका पेपर सितंबर में होगा.
ये भी पढ़ें - हाथों में हथकड़ी, चेहरे पर उम्मीद: सीतामढ़ी जेल से NEET का एग्जाम देने पहुंचा ये कैदी, देखकर सब रह गए हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं