विज्ञापन

परीक्षा पूरी न कर पाने वाले उम्मीदवारों से NBEMS ने मांगी माफी, 5 सितंबर को होगा रि-एग्जाम

NEET PG 2026 के दौरान जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी और बिजली आपूर्ति संबंधी समस्या आने से परीक्षा प्रभावित हुई. NBEMS ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया है और जल्द ही संशोधित एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे.

परीक्षा पूरी न कर पाने वाले उम्मीदवारों से NBEMS ने मांगी माफी, 5 सितंबर को होगा रि-एग्जाम
NBEMS के अनुसार, NEET PG 2026 के लिए कुल 2,73,096 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था.

NEET PG Reexam 2026 : नीट पीजी परीक्षा के दौरान जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर आई तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित हुए उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर है. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने घोषणा की है कि जिन कैंडिडेट्स की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी, उनके लिए 5 सितंबर 2026 को दोबारा एग्जाम आयोजित की जाएगी.

NBEMS की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, NEET PG 2026 परीक्षा में कुल 2,73,096 उम्मीदवार रजिस्टर्ड थे. इनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी देशभर के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे. बोर्ड ने बताया कि करीब 2,63,535 उम्मीदवारों की परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी हो गई.

हालांकि, राजस्थान के जयपुर स्थित iON Digital Zone iDZ Sitapura के दो केंद्रों पर परीक्षा के दौरान बिजली चली गई. NBEMS के अनुसार, इस वजह से कुछ उम्मीदवार निर्धारित समय में अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए. नोटिस में कहा गया है कि यह समस्या परीक्षा संचालन एजेंसी टीसीएस लिमिटेड (TCS Ltd.) से संबंधित केंद्र पर हुई थी.

बोर्ड ने प्रभावित उम्मीदवारों से हुई असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को समान अवसर देने के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया गया है.
 

NBEMS के मुताबिक, रिएग्जाम 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को दोपहर 3 बजे जयपुर में आयोजित होगी. साथ ही, प्रभावित उम्मीदवारों के लिए रिवाइज्ड एडमिट कार्ड भी अलग से जारी किए जाएंगे.

यह फैसला उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनकी परीक्षा तकनीकी कारणों से अधूरी रह गई थी. अब उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट और आगामी नोटिस पर नजर बनाए रखें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com