21 जून को मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा देनेवाले कई NEET एस्पिरेंट्स को डर है कि क्या वो फिर से अच्छा एग्जाम दे पाएंगे. कई सारे उम्मीदवारों का कहना है कि पिछला टेस्ट रद्द होने के बाद से एंग्जायटी हो गई है. यहां तक की आत्मविश्वास में कमी महससू हो रही है. कुछ उम्मीदवारों ने कहा कि परीक्षा रद्द होने से गहरा झटका लगा. दोबार से परीक्षा होने से फिर से तैयारी शुरू करनी पड़ी. इस साल 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा और NEET, दोनों में शामिल होने वाली रिधिमा बंसल ने कहा कि एंट्रेंस टेस्ट रद्द होने से वह टूट गई हैं और उन्हें अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू करने में मुश्किल हो रही है.
नीट-यूजी परीक्षा शेड्यूल की जानकारी
| परीक्षा की तारीख | 21 जून, 2026 |
| समय | दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 तक |
| परीक्षा का मोड | ऑफलाइन (पेन और पेपर मोड) |
| कब आएगा एडमिट कार्ड | 14 जून 2026 तक |
पीटीआई से बात करते हुए बंसल ने कहा, " नीट पेपर में मुझे अच्छे स्कोर की उम्मीद थी जिससे मुझे मेडिकल कॉलेज में सीट पक्की करने में मदद मिलती. मैं नीट परीक्षा देकर खुश और आश्वस्त महसूस कर रहा थी कि मुझे मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिल जाएगा. फिर अचानक खबर आई कि परीक्षा रद्द कर दी गई है."
"मानसिक सेहत पर असर पड़ा"
बंसल ने कहा "जब मैंने अपनी किताबें दोबारा खोलीं, तो मेरा पढ़ने का मन नहीं कर रहा था. रोज़मर्रा की दिनचर्या और मानसिक सेहत पर भी असर डाला है. नींद की समस्याएं शुरू हो गई हैं. क्योंकि फिर से रात-रात भर जागकर पढ़ना पड़ रहा है. परीक्षा के बाद मैं चैन से सो रही थी. अब फिर से वही रूटीन हो गया है. रात 3 बजे सोना, सुबह 7 बजे उठना, क्लास अटेंड करना, मॉक टेस्ट देना और फिर से पढ़ाई करना. मानसिक सेहत पर असर पड़ा है. मेरा कुछ खाने का भी मन नहीं करता."
"अब मुझे सिस्टम पर भरोसा नहीं है"
बंसल ने आगे कहा, "अब मुझे सिस्टम पर भरोसा नहीं है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों के उठाए गए मुद्दों पर कोई जवाब नहीं दिया". वहीं एक और छात्रा, वैभवी ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि परीक्षा रद्द कर दी गई है और इसे दोबारा लिया जाएगा, तब वह परिवार के साथ छुट्टियां मना रही थीं. उन्होंने कहा, "परीक्षा रद्द होने से मैं निराश हो गई थी. मैं परिवार के साथ छुट्टियों पर थी, तभी मुझे सूचना मिली कि परीक्षा रद्द हो रही है और इसे दोबारा आयोजित किया जाएगा. यह सुनकर मैं घबरा गई कि अब क्या होगा."
ये भी पढ़ें- फीस से लेकर फायर सेफ्टी तक, दिल्ली सरकार बनाएगी कोचिंग संस्थानों के लिए नए नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं