- रविवार को बिजली गुल होने से NEET PG परीक्षा रद्द कर दी गई थी.
- आज उसी सेंटर पर सर्वर ठप होने से AIIMS भर्ती से जुड़े रि-एग्जाम को रद्द करना पड़ा.
- बिजली गुल होने और सर्वर ठप होने से परेशान अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया.
जयपुर में NEET PG परीक्षा के दौरान एक सेंटर पर रविवार को हंगामा हुआ था. बिजली गुल होने से उस सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी गई और NEET PG की उस सेंटर की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया. बिजली गुल होने के चलते NEET PG परीक्षा रद्द हुए 24 घंटे भी नहीं बीते. इससे पहले उसी सेंटर पर एक और परीक्षा के दौरान हंगामा हो गया. हंगामा AIIMS CRE-5 भर्ती से जुड़े रि-एग्जाम के दौरान हुआ. जानकारी के मुताबिक, सेंटर पर कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से परीक्षा बाधित हुई और अभ्यर्थियों ने हंगामा खड़ा कर दिया.
सुबह 9 बजे शुरू होनी थी परीक्षा
दरअसल, सोमवार को AIIMS की ओर से 'कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन-5' के तहत ग्रुप B और ग्रुप C के नॉन-एकेडमिक पदों पर भर्ती के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी. जयपुर के सीतापुरा में स्थित आईओएन डिजिटल जोन (iON Digital Zone) में भी AIIMS भर्ती का रि-एग्जाम चल रहा था. परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार केंद्र पर पहुंचे थे और परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होनी थी.
परीक्षा के दौरान गुल हुई बिजली
सांगानेर सदर SHO कमलेश कुमार ने बताया कि AIIMS की परीक्षा के दौरान एक-दो बार बिजली भी गुल हुई, जिससे परीक्षा में बैठे अभ्यर्थी और भी परेशान हुए. इसके बाद अभ्यर्थियों ने सेंटर के बाहर आकर विरोध जताया और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जाहिर की. थानाधिकारी (SHO) ने बताया कि एम्स ने इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा फिलहाल रद्द कर दी है. कुछ दिनों के बाद परीक्षा दोबारा होगी.
बता दें कि इससे पहले रविवार को इसी सेंटर पर नीट पीजी परीक्षा आयोजित की गई थी. उस समय भी कई बार बिजली गुल होने से सिस्टम ठप पड़े गए, जिसके बाद NEET PG की परीक्षा को रद्द कर दिया और रि-एग्जाम की डेट जारी की गई. आईओएन डिजिटल जोन पर बिजली गुल होने के बाद रद्द हुई NEET पीजी परीक्षा को 05 सितंबर को दोबारा कराने का फैसला लिया गया है.
'2 दिन, 2 महत्वपूर्ण परीक्षाएं'
दो दिन में दो बड़ी परीक्षा के दौरान सेंटर पर बिजली गुल होने और फिर परीक्षा को रद्द करने के बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है. राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि इन दोनों परीक्षाओं में आयोजन की खामियों की ज़िम्मेदारी तय होनी चाहिए. उन्होंने एक्स पर लिखा, " जयपुर में कल आयोजित हुई NEET PG परीक्षा में परीक्षा केंद्र में तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा प्रकिया प्रभावित हुई और अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. आज फिर उसी परीक्षा केंद्र पर आयोजित AIIMS की परीक्षा में अभ्यर्थियों को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा."
जयपुर में आज फिर परीक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई
— NSUI (@nsui) August 31, 2026
कल NEET-PG परीक्षा में बिजली गुल होने के कारण हंगामा हुआ और परीक्षा रद्द करनी पड़ी। आज उसी परीक्षा केंद्र पर AIIMS की भर्ती परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को भी तकनीकी फेल्योर का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे परीक्षा शुरू होनी थी,… pic.twitter.com/T10tDYzXSs
'परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमराई'
सचिन पायलट ने आगे कहा कि दो दिन में दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं! छात्रों को इन समस्याओं को लेकर विरोध करना पड़े, तो यह स्पष्ट है कि परीक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है. प्रभावित छात्रों की मांग को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और उनकी समस्याओं का उचित निराकरण किया जाना चाहिए. वहीं, एनएसयूआई ने कहा कि कल NEET-PG परीक्षा में बिजली गुल होने के कारण हंगामा हुआ और परीक्षा रद्द करनी पड़ी. आज फिर जयपुर के उसी सेंटर पर AIIMS की भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा. लगातार दूसरे दिन, उसी सेंटर पर परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है.
यह भी पढे़ं- NEET PG री-एग्जाम के लिए क्या होंगे नियम? नए एडमिट कार्ड से लेकर एग्जाम सेंटर तक, यहां जानें हर सवाल का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं