सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो आपने जरूर देखा होगा, जिसमें एक शख्स खुद को IAS अधिकारी बताता है और पुलिस के साथ गाली-गलौच करने लगता है. ये वीडियो बेंगलुरु के एक पब का है, जहां आंध्र प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी विकास मरमत मौजूद थे और चेकिंग के दौरान वो पुलिस अधिकारियों से भिड़ गए. इस घटना के बाद उनके और उनके साथ आए बाकी साथियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. ऐसे में आज हम आपको विकास मरमत की एजुकेशन और उनके करियर के बारे में बता रहे हैं.
कौन हैं IAS विकास मरमत?
विकास मरमत मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और उन्होंने 2019 में यूपीएससी परीक्षा पास की थी. इसके बाद उन्हें आंध्र प्रदेश कैडर अलॉट हुआ. DoPT के डेटा के मुताबिक विकास मरमत एसटी कैटेगरी से आते हैं और यूपीएससी में उनकी 473वीं रैंक आई थी. फिलहाल विकास कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वो असिस्टेंट कलेक्टर और नल्लोर नगर पालिका के कमिश्नर के पद पर भी तैनात रहे.


विकास मरमत के लिंक्डिन प्रोफाइल के मुताबिक उन्होंने आईआईटी कानपुर से मेकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. इसके अलावा IAS के तौर पर चुने जाने के बाद 2020 में उन्होंने जेएनयू से पब्लिक एडमनिस्ट्रेशन में एमए किया है. विकास मरमत को पढ़ने और लिखने का काफी शौक है. उन्होंने एक किताब भी लिखी है. इसके अलावा वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं.

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल बेंगलुरु में पुलिस की तरफ से एक कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसमें शहर के तमाम पब्स और बार में छापेमारी हो रही है. इसमें नाबालिगों को शराब परोसने और बाकी नियमों के उल्लंघन की जांच हो रही है. इसी दौरान जब 10 अक्टूबर की देर रात पुलिस के कुछ अधिकारी बेंगलुरु के एक पब में पहुंचे तो कुछ लोगों के साथ उनकी बहस हो गई. इसमें IAS विकास मरमत और उनके साथ शामिल थे. जब विकास मरमत ने बताया कि वो आईएएस अधिकारी हैं, तब भी पुलिस ने बहस जारी रखी और इसी दौरान आईएएस और उनके साथियों को पुलिस को गाली देते हुए देखा गया.
फिलहाल विकास मरमत की आंध्र प्रदेश समेत देशभर में चर्चा हो रही है. उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फिलहाल आईएएस अधिकारी की तरफ से इस मामले को लेकर कोई सफाई नहीं आई है. ॉ
यह भी पढ़ें | 3.5 लाख रुपये महीने का ऑफर और 100% प्लेसमेंट, IIM लखनऊ में दिग्गज कंपनियों ने खोला खजाना
यह भी पढ़ें | UPSC निकालने के लिए सोशल मीडिया से दूरी जरूरी नहीं, हिंदी मीडियम के छात्रों को IAS प्रिंस कुमार के टिप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं