विज्ञापन

गुरुग्राम के छात्र ने CBSE क्लास 10 में 100% किया स्कोर, बताया फुल मार्क्स लाने का सीक्रेट

एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र तने श्रीवास्तव ने CBSE कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं . NDTV ने तने श्रीवास्तव से खास बातचीत की. इस दौरान तने ने एग्जाम में अच्छे अंक लाने की कुछ टिप्स भी बताई. जो कि हर एक बच्चे को पता होनी चाहिए.

गुरुग्राम के छात्र ने CBSE क्लास 10 में 100% किया स्कोर, बताया फुल मार्क्स लाने का सीक्रेट
तने ने बताया कि वो दिन में पढ़ाई घंटों के हिसाब से नहीं करते थे.

तने श्रीवास्तव ने CBSE कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल करके परफेक्ट स्कोर पाया है. एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र तने श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने हर सब्जेक्ट को अच्छे से समझा और अनुशासन के साथ पढ़ाई की. जिसकी वजह से ये संभव हो पाया है. तने श्रीवास्तव से NDTV ने खास बात की. इस दौरान तने ने एग्जाम में कैसे अच्छा परफॉर्म करें, इसपर बात की. तने ने कहा, "मैं कोई सख्त रोजाना का टाइम-टेबल फॉलो नहीं करता था. मैंने मुख्य रूप से समझने और स्पष्टता के लिए पढ़ाई की, न कि घंटे गिनने के लिए. मैंने अपने खुद के लिए लक्ष्य तय किए और तब तक पढ़ाई जारी रखी, जब तक मुझे यह महसूस नहीं हुआ कि वे सचमुच पूरे हो गए हैं".

499 अंक आने की थी उम्मीद

तने ने कहा "परफेक्ट स्कोर हासिल करना मेरे लिए बेहद संतोषजनक है. रिजल्ट काफी हद तक मेरी उम्मीदों के मुताबिक था. मुझे 499 या 500 के स्कोर की उम्मीद थी. लेकिन मेरे 500/500 का परफेक्ट स्कोर आया है".

सोशल साइंस पर फोकस किया

तने श्रीवास्तव ने आगे कहा, "आखिरी महीनों के दौरान, मैंने सोशल साइंस पर ज़्यादा समय दिया. क्योंकि राष्ट्रीय-स्तर की परीक्षाओं की चल रही तैयारी के कारण साइंस और मैथेमेटिक्स में मेरी तैयारी पहले से ही काफी मज़बूत थी. मैंने अपने शिक्षकों की बताई हर बात मानी. इसके अलावा, मैंने कई बार रिवीजन किया. पिछले 21 दिनों में, मैंने हर विषय को कई बार दोहराया, ऐसे करने से काफी मदद मिली".

रिविजन अच्छे अंक लाने की कुंजी

कक्षा 10, 11 और 12 में पढ़ रहे बच्चों को सलाह देते हुए तने ने कहा," NCERT पर पूरी तरह से पकड़ बना लें और अच्छे से रिविजन करें. बार-बार रिविजन करना ही अच्छे अंक लाने की कुंजी है". 

YouTube से मिली पढ़ाई करने में मदद

तने ने कहा, "YouTube जैसे प्लेटफ़ॉर्म पर अच्छी क्वालिटी का एजुकेशनल कंटेंट उपलब्ध होने की वजह से, मैं विषयों को और भी गहराई से समझ पाया. अक्सर, मेरी बस यही इच्छा होती थी कि दिन में और भी ज़्यादा घंटे होते, ताकि मैं और भी ज़्यादा सीख पाता".

JEE है अगला लक्ष्य

अपने आगे के लक्ष्य पर बात करते हुए तने ने कहा,  "मैं अभी JEE की तैयारी कर रहा हूं और रिसर्च के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहता हूं, अपनी अंडरग्रेजुएट पढ़ाई के लिए, मैं IITs या IISc में से किसी एक में दाखिला लेना चाहता हूं. यह मेरी JEE Advanced रैंक पर निर्भर करेगा".

ये भी पढ़ें- दुनिया कहती रही 'बेचारा', कैंसर से जूझ रहे 10वीं के छात्र ने 92% लाकर कर दी सबकी बोलती बंद

लेखक के बारे में
img
रितु शर्मा
सीनियर सब एडिटर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBSE Class 10 Tanay Srivastava, CBSE Class 10 Topper, CBSE 10th Result 100 Percent, CBSE Topper Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com