अपने बच्चे को अच्छे स्कूल में पढ़ाने का सपना लगभग हर माता-पिता देखते हैं. लेकिन अगर कोई कहे कि सिर्फ एक साल की पढ़ाई, स्कूल बस और यूनिफॉर्म पर करीब 18 लाख रुपये खर्च हो सकते हैं, तो शायद यकीन करना मुश्किल लगे. दुबई में रहने वाली एक मां के वीडियो ने कुछ ऐसा ही दिखाया है. उन्होंने बेटी के इंटरनेशनल स्कूल का पूरा खर्च बताया, जिसे सुनकर सोशल मीडिया पर लोग हैरान रह गए. सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बाद भी बच्चे का खाना इसमें शामिल नहीं है.
बेटी के स्कूल का पूरा खर्च बताया
दुबई में रहने वाली वेरोनिका ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी बेटी हाल ही में एक इंटरनेशनल स्कूल में गई है. उन्होंने सबसे पहले स्कूल में होने वाले असेसमेंट का खर्च बताया. इसके लिए 525 दिरहम, यानी करीब 13 हजार रुपये देने पड़े. इसके बाद सबसे बड़ा खर्च ट्यूशन फीस का है. वेरोनिका के मुताबिक, स्कूल की सालाना ट्यूशन फीस 55 हजार दिरहम है. भारतीय रुपये में ये रकम करीब 14.34 लाख रुपये बैठती है. राहत की बात ये है कि इस फीस को किस्तों में भी जमा किया जा सकता है.
बस और यूनिफॉर्म का खर्च भी कम नहीं
ट्यूशन फीस के अलावा स्कूल बस का खर्च भी काफी ज्यादा है. वेरोनिका ने बताया कि साल भर की बस फीस 12 हजार दिरहम है, जो भारतीय रुपये में करीब 3.12 लाख रुपये होती है. ये बस बच्चे को घर से स्कूल ले जाती है और छुट्टी के बाद वापस घर छोड़ती है. यूनिफॉर्म का खर्च भी अलग से देना पड़ता है. इस पर करीब एक हजार दिरहम, यानी लगभग 26 हजार रुपये खर्च होते हैं. अगर असेसमेंट, ट्यूशन, बस और यूनिफॉर्म का पूरा हिसाब जोड़ें, तो कुल खर्च करीब 68,525 दिरहम, यानी लगभग 17.8 लाख रुपये पहुंच जाता है.
इतना खर्च, फिर भी खाना अलग से
दिलचस्प बात ये है कि इतने बड़े खर्च के बाद भी बच्चे का लंच स्कूल फीस में शामिल नहीं है. वेरोनिका ने बताया कि वो हर सुबह बेटी के लिए घर से लंच तैयार करती हैं और लंच बॉक्स के साथ स्कूल भेजती हैं. उनका वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दुबई में पढ़ाई के खर्च को लेकर खूब चर्चा शुरू हो गई. हालांकि, उन्होंने ये भी साफ किया कि दुबई के सभी प्राइवेट स्कूलों की फीस इतनी ज्यादा नहीं होती. वहां ऐसे कई स्कूल भी हैं, जहां इससे कम खर्च में पढ़ाई कराई जा सकती है.
ये भी पढ़ें - UGC NET के गलत सवालों को चैलेंज करने के लिए 2800 रुपये कहां से लाएं? NTA पर फिर उठे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं