पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के लाखों अभिभावकों के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री मान ने निजी स्कूलों की मनमानी और फीस बढ़ोतरी (Fee Hike) पर पूरी तरह से नकेल कसने का एलान कर दिया है. भगवंत मान ने साफ कर दिया है कि अब सूबे में स्कूल माफियाओं की मनमनी नहीं चलेगी और शिक्षा के नाम पर हो रही लूट को तुरंत रोका जाएगा. मुख्यमंत्री ने एलान किया है कि पंजाब का कोई भी प्राइवेट स्कूल अब सालाना 5 % से ज्यादा फीस नहीं बढ़ा सकेगा. इसके साथ ही पिछले 3 सालों में जिन स्कूलों ने नियमों को ताक पर रखकर 15% से ज्यादा फीस वसूली है, उन्हें वह राशि अभिभावकों को रिफंड (Refund) करनी होगी.
नियम तोड़े तो लगेगा जुर्मानासाथ ही मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि जो भी स्कूल इस फैसले का उल्लंघन करेगा, उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और उसकी रजिस्ट्रेशन तुरंत रद्द कर दी जाएगी. पिछली कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पिछली सरकार ने निजी स्कूलों को फीस बढ़ाने की खुली छूट दे रखी थी. उन्होंने एक दुखद घटना का जिक्र करते हुए कहा कि स्कूल माफिया की मनमानी की बलि चढ़कर एक 17 साल की मासूम बच्ची को अपनी जान गंवानी पड़ी.
माता-पिता के सपनों नहीं मरने देंगेसाथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हम पंजाब के माता-पिता के सपनों को इस तरह मरने नहीं देंगे. स्कूलों की इस मनमानी को रोकने के लिए हमारी सरकार जल्द ही पंजाब विधानसभा में एक सख्त कानून लेकर आ रही है.
इस फैसले के बाद अब पंजाब के मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो हर साल स्कूलों की बेतहाशा बढ़ती फीस से परेशान थे.
यह भी पढ़ें- गर्मी का मार, पंजाब में स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग में बदलाव, अब सुबह इतने बजे से होंगे शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं