CBSE ने अब तक 2027 में होने वाली बोर्ड परीक्षा की तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन कभी भी फाइनल डेटशीट जारी हो सकती है. इससे पहले प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट की तारीखों को जारी किया गया है. इस बार प्रैक्टिकल परीक्षाओं को जल्दी खत्म किया जा रहा है. ऐसे में माना जा रहा है कि बोर्ड परीक्षाएं भी जल्दी शुरू हो सकती हैं. फिलहाल लाखों छात्रों को अपने शेड्यूल का इंतजार है और सबसे बड़ा सवाल बड़े विषयों के बीच गैप का है, जिससे तैयारी और रिवीजन का पूरा वक्त मिल पाए.
कब हैं प्रैक्टिकल एग्जाम?
इस बार सीबीएसई की तरफ से दिसंबर में ही सभी प्रैक्टिकल परीक्षाओं को खत्म किया जा रहा है. बोर्ड की तरफ से जारी शेड्यूल में बताया गया है कि पहाड़ी और ठंडे इलाकों के स्कूलों में 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक प्रैक्टिकल परीक्षाएं होंगीं. इसके अलावा बाकी सभी स्कूलों में 1 जनवरी 2027 से प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट शुरू होगा. हालांकि डेटशीट के साथ ही रेगुलर स्कूलों के लिए तारीखों का ऐलान किया जाएगा.
जल्दी शुरू हो सकते हैं एग्जाम
सीबीएसई ने इस बार नवंबर के पहले हफ्ते तक डेटशीट जारी नहीं की है, लेकिन पिछली बार की तुलना में इस बार परीक्षाएं जल्दी खत्म हो सकती हैं. यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां और बाकी चीजों को देखते हुए माना जा रहा है कि मार्च में ही इस बार बोर्ड परीक्षाओं को खत्म कर दिया जाएगा. पिछली बार 17 फरवरी से सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई थीं. इस बार इन्हें फरवरी के पहले हफ्ते या इसके ठीक बाद शुरू किया जा सकता है.
दो बोर्ड एग्जाम और OSM
पिछली बार सीबीएसई की तरफ से दो बोर्ड एग्जाम वाला नियम लागू किया गया. इसमें 10वीं के छात्रों के लिए दो बार बोर्ड परीक्षा कराई गई, जो छात्र फेल हो गए या जिन्हें अपने नंबर सुधारने थे, वो इस परीक्षा में शामिल हुए थे. इस बार भी यही पॉलिसी लागू होगी. इसके अलावा 12वीं के पेपर चेक करने के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) लाया गया, जिसे लेकर खूब विवाद हुआ और इसमें कई गड़बड़ियां पाई गईं. अब देखना होगा कि इस साल भी ये लागू होता है या नहीं.
यह भी पढ़ें | CBSE ने किया प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट की तारीखों का ऐलान, कभी भी जारी हो सकती है डेटशीट
यह भी पढ़ें | UPSC सिविल सर्विस मेन्स का रिजल्ट हुआ जारी, 2,526 उम्मीदवार देंगे इंटरव्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं