Bihar Teacher Dress Code : बिहार के सरकारी टीचर्स के लिए एक बड़ी खबर है. दरअसल, बिहार के शिक्षा विभाग ने राज्य भर के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों (Non-Teaching Staff) के लिए एक कड़ा ड्रेस कोड लागू कर दिया है. नए आदेश के मुताबिक, अब कोई भी टीचर या एंप्लाई जींस और टी-शर्ट पहनकर स्कूल नहीं आ सकेगा. यह कड़ा निर्देश शिक्षा विभाग के नए अपर मुख्य सचिव (ACS) सी.के. अनिल ने अपना पदभार संभालने के तुरंत बाद जारी किया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार यानी बीते 30 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEOs) को ऑफिशियल लेटर भेजकर इस नियम को तुरंत और सख्ती से लागू कराने का निर्देश दिया गया है.
जारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि स्कूल परिसर में काम के घंटों के दौरान किसी भी तरह के कैजुअल कपड़े (Casual Clothing), विशेष रूप से जींस और टी-शर्ट पहनने की इजाजत नहीं होगी. सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को फॉर्मल (Formal) पहनकर ही ड्यूटी पर आना होगा. विभाग का मानना है कि शिक्षण संस्थानों में एक गरिमामय माहौल और अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि बच्चों पर अच्छा प्रभाव पड़े और पढ़ाई का सही वातावरण बना रहे. अगर कोई कर्मचारी नियम तोड़ता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
स्कूल परिसर में डीजे और डिस्को पर भी पाबंदी
ड्रेस कोड के साथ-साथ शिक्षा विभाग ने स्कूलों के अंदर होने वाली नॉन एकेडेमिक गतिविधियों को लेकर भी कड़ी चेतावनी जारी की है. आदेश के मुताबिक, स्कूल कैंपस के भीतर डीजे, डिस्को या ऐसी कोई भी अनुचित गतिविधि आयोजित करने पर पूरी तरह रोक रहेगी, जिससे पढ़ाई का माहौल खराब होता हो. अगर किसी स्कूल में इस तरह का आयोजन पाया गया, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ट्रेडिशनल संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को छूट
हालांकि, विभाग ने यह भी साफ किया है कि इस आदेश का मतलब संगीत या सांस्कृतिक सीख पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं है. स्कूलों में पारंपरिक संगीत की शिक्षा और म्यूजिकल इंस्ट्रमेंट्स का यूज पहले की तरह जारी रहेगा. इसके अलावा, एकेडेमिक कैलेंडर में शामिल विशेष अवसरों और त्योहारों से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे अनुशासन और मर्यादा के साथ आयोजित किए जा सकेंगे. अब इस आदेश को जमीनी स्तर पर लागू कराने की पूरी जिम्मेदारी सभी जिलों के डीईओ और स्कूल प्रिंसिपल्स की होगी.
यह भी पढ़ें- शिक्षक भर्ती और CTET-STET के नियमों में होगा बड़ा बदलाव! NCTE ने बनाईं दो कमेटियां, अब इन छात्रों को भी मिलेगा मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं