Mohammad Ali Jauhar University: रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी एक बार फिर सुर्खियों में है. यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग को लेकर चल रहे विवाद में फिलहाल समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान को सोमवार को बड़ी राहत मिली है. उनकी इस यूनिवर्सिटी पर फिलहाल अब बुलडोजर नहीं चलेगा. इस बीच यूनिवर्सिटी को लेकर कई तरह के सवाल चर्चा में हैं. ऐसे में आइए जानते हैं आखिर इस यूनिवर्सिटी का विवाद क्या है, इसे मान्यता कब मिली और यहां किन-किन सब्जेक्ट्स की पढ़ाई होती है.
जौहर यूनिवर्सिटी का विवाद क्या है
रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के उपाध्यक्ष और डीएम ने 15 जुलाई को एक कड़ा आदेश सुनाते हुए कहा था कि यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतें बिना नक्शा पास कराए बनी हैं, इसलिए इन्हें 15 दिन के अंदर ढहा दिया जाए. इस आदेश के खिलाफ आजम खान की बहन निखत अफलाक खान ने मुरादाबाद कमिश्नर के यहां अपील की थी. अब कमिश्नर आन्जनेय सिंह ने डीएम के फैसले पर रोक लगा दी है, जिससे यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हजारों छात्रों और उनके परिवारों ने राहत की सांस ली है.
जौहर यूनिवर्सिटी कब बनी
आजम खान जब 2003 में मुलायम सिंह यादव की सरकार में मंत्री बने, तब उन्होंने रामपुर में एक बड़ा शिक्षण संस्थान बनाने का सोचा. साल 2003 में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट बनाया गया. 18 सितंबर 2006 को सिंगनखेड़ा गांव में इस यूनिवर्सिटी की नींव रखी गई. इस संस्थान का औपचारिक उद्घाटन 18 सितंबर 2012 को किया गया.
जौहर यूनिवर्सिटी को कब मिली UGC की मान्यता
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को 2006 में उत्तर प्रदेश सरकार के एक राज्य अधिनियम (State Act) के तहत बनाया गया था. एक राज्य विश्वविद्यालय के रूप में कानूनी तौर पर बनने की वजह से इसे 2013 में हायर एजुकेशन की टॉप अथॉरिटी यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (UGC) से मान्यता दी गई. इसी मान्यता के आधार पर यहां देश-विदेश के छात्र पढ़ाई करने आते हैं.
जौहर यूनिवर्सिटी में कौन-कौन से कोर्स पढ़ाए जाते हैं
1. इंजीनियरिंग और कंप्यूटर
BTech & MTech: कंप्यूटर साइंस, सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, केमिकल और एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग
पॉलीटेक्निक डिप्लोमा: सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल और कंप्यूटर में डिप्लोमा कोर्स
कंप्यूटर एप्लीकेशन: BCA और MCA
2. मेडिकल, फार्मेसी और पैरामेडिकल
फार्मेसी कोर्स: D. Pharma, B. Pharma और M. Pharma (फार्मेसी काउंसिल से मान्यता प्राप्त)
पैरामेडिकल (मदर टेरेसा इंस्टीट्यूट): फिजियोथेरेपी, ऑप्टोमेट्री, ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन (OTT) और नर्सिंग (ANM) में डिप्लोमा.
3. लॉ और मैनेजमेंट
लॉ: 5 साल का इंटीग्रेटेड B.A. LL.B, LL.M और साइबर लॉ और मानवाधिकार में पीजी डिप्लोमा
मैनेजमेंट और कॉमर्स: MBA (मार्केटिंग, फाइनेंस, HR, एग्री-बिजनेस, हॉस्पिटल मैनेजमेंट), BBA, B.Com और M.Com
4. साइंस और एग्रीकल्चर
BSc. & MSc: गणित, फिजिक्स, केमिस्ट्री, जूलॉजी, बॉटनी, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और एनवायरनमेंटल साइंस
एग्रीकल्चर साइंस: BSc. (आनर्स) एग्रीकल्चर और एमएससी (एग्रोनॉमी, हॉर्टिकल्चर)
5. आर्ट्स और एजुकेशन
BA & MA: हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल, समाजशास्त्र, साइकोलॉजी और फाइन आर्ट्स
टीचिंग और सोशल वर्क: B.Ed., BSW (बैचलर ऑफ सोशल वर्क) और MSW (मास्टर ऑफ सोशल वर्क)
ये भी पढ़ें - छात्रों पर दर्ज FIR नहीं हुई रद्द, तो करियर में क्या-क्या हो सकती है दिक्कत?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं