Manipur School Closed: मणिपुर में शैक्षणिक संस्थान 20 से 22 अगस्त तक बंद रहने वाले हैं. मणिपुर सरकार ने राज्य में ‘‘कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति'' का हवाला देते हुए ये आदेश जारी किया है. बुधवार को शिक्षा विभाग के जारी आदेश के अनुसार, यह बंदी उन सभी संस्थानों पर लागू होगी जो बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन, काउंसिल ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन, सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन और अन्य बोर्ड से जुड़े हैं, साथ ही सरकारी, सहायता प्राप्त और बिना सहायता वाले कॉलेजों और विश्वविद्यालयों पर भी लागू होगी.
आदेश में कहा गया है, "राज्य में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, मणिपुर के राज्यपाल ने गुरुवार, 20 अगस्त 2026 से शनिवार, 22 अगस्त 2026 तक सभी स्कूलों और कॉलेजों व उच्च शिक्षा संस्थानों (जिनमें विश्वविद्यालय भी शामिल हैं और जो सरकारी, सहायता प्राप्त या बिना सहायता वाले क्षेत्रों के अंतर्गत आते हैं) को बंद रखने का निर्णय लिया है."
शिक्षा विभाग ने सभी डिप्टी कमिश्नरों, जोनल शिक्षा अधिकारियों और संबंधित निदेशकों को यह भी निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्कूलों और शिक्षण संस्थानों तक इस आदेश को समय रहते पहुंचा दें.
क्या है पूरा मामला
मणिपुर में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को अपडेट करने की मांग को लेकर हड़ताल हो रही. हड़ताल के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई जिलों में रैलियां निकालीं थी. इंफाल पूर्व जिले के खुरई लामलोंग में प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह और गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजम के पुतले भी जलाए थे. ‘कैम्पेन फॉर जस्ट एंड फेयर डीलिमिटेशन' (जेएफडी) ने अपने आंदोलन के तहत बृहस्पतिवार से सभी सरकारी कार्यालयों के बहिष्कार का भी ऐलान किया है. जेएफडी के संयोजक जीतेंद्र निंगोम्बा ने कहा कि पानी, बिजली और अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं को इस बहिष्कार से बाहर रखा जाएगा. ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया है.
ये भी पढ़ें- 20 अगस्त को यूपी-उत्तराखंड में स्कूल कहां खुले या बंद? प्रयागराज में भारी बारिश बनी आफत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं