विज्ञापन

फीस भरी ग्रेटर नोएडा कैंपस की, एडमिशन निकला मथुरा में, GL Bajaj के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन

छात्रों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा कैंपस के नाम पर एडमिशन लेने के बावजूद उनका रजिस्ट्रेशन मथुरा ब्रांच में कर दिया गया. छात्रों ने समाधान की मांग की है, जबकि कॉलेज प्रबंधन ने 26 सितंबर तक मामले के निपटारे का आश्वासन दिया है.

फीस भरी ग्रेटर नोएडा कैंपस की, एडमिशन निकला मथुरा में, GL Bajaj के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन
छात्रा निरुपमा यादव ने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने उनके साथ धोखाधड़ी की है.

GL Bajaj Protest : ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज कॉलेज के खिलाफ छात्रों ने आज जमकर धरना प्रदर्शन किया. छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने उनके साथ धोखाधड़ी की है. छात्रों का कहना है कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा स्थित जीएल बजाज कॉलेज में एडमिशन लिया था, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने उनका एडमिशन मथुरा स्थित ब्रांच में कर दिया. इस बात से नाराज छात्रों और समाजवादी छात्र सभा के नेताओं ने कॉलेज के बाहर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. 

छात्रा ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप

छात्रा निरुपमा यादव ने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने उनके साथ धोखाधड़ी की है. ग्रेटर नोएडा स्थित संस्थान के नाम पर एडमिशन लेकर उनका रजिस्ट्रेशन मथुरा स्थित ब्रांच में कर दिया गया,जोकि गलत है .उन्होंने कहा कि मैं कॉलेज की फीस के साथ हॉस्टल की फीस 172000 रुपए जमा कर चुकी हूं.

छात्रों ने मथुरा कैंपस जाने से किया इनकार

छात्र प्रिंस ने कहा कि मैंने 172000 जमा किए थे उसके बाद उन्होंने बताया कि तुम्हारा एडमिशन मथुरा ब्रांच में हुआ है. जब मैंने बातचीत की तो कहा कि तुम्हें वहां केवल पेपर देने जाना होगा बाकी सारी फैसिलिटी यहीं मिलेगी. अब छात्र मथुरा स्थित ब्रांच में जाने से इनकार कर रहे हैं. उनका कहना है कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा कैंपस के लिए फीस जमा की है, इसलिए उनका एडमिशन भी यहीं होना चाहिए. 

समाजवादी छात्र सभा ने दी आंदोलन की चेतावनी

वहीं, समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर का कहना है कि जीएल बजाज कॉलेज ने छात्रों के साथ बहुत बड़ा घोटाला किया है. उन्होंने मांग की है कि कॉलेज प्रशासन छात्रों को ग्रेटर नोएडा कैंपस में ही एडमिशन दे. ऐसा नहीं होने पर कॉलेज में तालाबंदी करने की चेतावनी दी गई है. 

डेढ़ सौ से ज्यादा छात्र बताए जा रहे प्रभावित

बताया जा रहा है कि ऐसे छात्र करीब डेढ़ सौ से ज्यादा है जिनके एडमिशन यहां पर हुए हैं, लेकिन उन्हें मथुरा कैंपस भेजा जा रहा है. वहीं, आज छात्रों की प्रतिनिधि मंडल ने कालेज प्रबंधन से बातचीत की है. इसके बाद उन्हें समाधान का आश्वासन दिया गया है और 26 सितंबर तक का समय दिया गया है. 26 सितंबर के बाद समाजवादी पार्टी ने समाधान न होने पर कॉलेज पर ताला लगाने की बात कही है.

यह भी पढ़ें- CBSE ने जारी किए 10वीं-12वीं के सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम, अब समझें पेपर में कैसे आएंगे सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com