दिल्ली के सबसे व्यस्त ITO के पास रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. पुलिस मुख्यालय और PWD दफ्तर के ठीक सामने एक तेज रफ्तार बेकाबू स्विफ्ट कार सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर और लोहे की रेलिंग को तोड़ती हुई दूसरी तरफ से आ रही इनोवा से जा टकराई.
इस भीषण टक्कर में गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. हादसे में दिल्ली के किराड़ी के वर्तमान विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल समेत कुल 6 लोग घायल हो गए. गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में सभी लोगों को मामूली चोटें ही आईं और एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
PWD ऑफिस के पास बिगड़ा संतुलन
यह दुर्घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई. आशुतोष पांडे दिल्ली के आर्य नगर के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ स्विफ्ट कार से लक्ष्मी नगर से ITO की तरफ आ रहे थे. तभी PWD ऑफिस के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया.
गाड़ी इतनी रफ्तार में थी कि वह डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग को पार कर सीधे सामने (ITO से लक्ष्मी नगर की ओर) आ रही कर्नाटक सरकार के बोर्ड लगी इनोवा कार से जा भिड़ी. शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, कार का संतुलन अचानक बिगड़ने की वजह गाड़ी में लगे सिलेंडर में हुआ विस्फोट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है.
हादसा होते ही मौके पर तेज धमाके जैसी आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई. इनोवा कार में किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के समय आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत राहत कार्य शुरू किया. PCR को सूचना मिलते ही आई.पी. एस्टेट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची.
सभी घायलों का अस्तपाल भेजा गया
हादसे में दोनों गाड़ियों में मौजूद सभी 6 लोगों को चोटें आईं. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत पूरी तरह स्थिर है और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है.
हादसे के बाद कुछ देर के लिए ITO पर ट्रैफिक थम सा गया और जाम की स्थिति बन गई. इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को फिर से सामान्य कराया. आई.पी. एस्टेट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों, गाड़ी की रफ्तार और सिलेंडर के फटने की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: सतलुज को दूषित करने वालों पर बड़ा एक्शन, पंजाब में पहली FIR दर्ज; हिमाचल की फैक्ट्रियों पर गाज गिरना तय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं