विज्ञापन
This Article is From Mar 02, 2020

दिल्ली में हिंसा को लेकर रविवार को पुलिस को 5 घंटे में मिली 481 कॉल, सारी निकलीं फर्जी

दिल्ली में रविवार शाम हिंसा के बारे में अफवाह फैलने के बाद कुछ हिस्सों में लोगों के बीच दहशत पैदा हो गई थी. दिल्ली पुलिस ने किसी भी घटना से इनकार किया और हिंसा की खबरों को महज अफवाह बताते हुए लोगों से शांति की अपील की.

Also Read in
दिल्ली में हिंसा को लेकर रविवार को पुलिस को 5 घंटे में मिली 481 कॉल, सारी निकलीं फर्जी
दिल्ली में रविवार रात फैली हिंसा की खबरें महज अफवाह थीं. (फाइल फोटो)
  • दिल्ली में रविवार रात हिंसा की अफवाह
  • पश्चिम दिल्ली में हिंसा से मच गया था हड़कंप
  • दिल्ली पुलिस के पास आई थीं 481 कॉल
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली (Delhi Violence) में रविवार शाम हिंसा के बारे में अफवाह फैलने के बाद कुछ हिस्सों में लोगों के बीच दहशत पैदा हो गई थी. दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने किसी भी घटना से इनकार किया और हिंसा की खबरों को महज अफवाह बताते हुए लोगों से शांति की अपील की. आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस (Congress) के नेताओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. पुलिस ने बताया कि हिंसा की अफवाहों के दौरान रविवार को उन्हें 481 कॉलें मिलीं. जांच में सभी कॉल फर्जी पाई गईं.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि पश्चिम दिल्ली इलाके में 12 पुलिस स्टेशन हैं. रविवार शाम 7 बजे लेकर 12 बजे तक इस इलाके से उनके पास 481 कॉल आईं. इनमें 148 कॉल तिलक नगर से थीं. 143 कॉल ख्याला पुलिस स्टेशन को मिलीं. राजौरी गार्डन से 96, पंजाबी बाग से 26, हरि नगर, मोती नगर, जनकपुरी समेत पश्चिम दिल्ली के अन्य इलाकों से भी पुलिस को कॉल की गई थीं. सभी कॉलर्स ने बताया कि उनके इलाके में सांप्रदायिक हिंसा हो रही है.

दिल्ली में रविवार की शाम अफवाहें आगे-आगे, दिल्ली पुलिस पीछे-पीछे, 10 बड़ी बातें

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी कॉल्स फर्जी पाई गईं लेकिन अफवाह से शहर में डर फैल गया था. उन्होंने इस अफवाह की जड़ बताते हुए कहा कि ख्याला इलाके में करीब 7 बजे पुलिस ने सट्टेबाजी के एक रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए छापेमारी की थी. आरोपी वहां से भागने लगे, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई. कुछ लोगों ने कहा कि पुलिस पर फायरिंग की गई. कुछ चैनलों ने यह भी चलाया कि सटोरियों ने पुलिस पर पथराव किया लेकिन यह दोनों ही बातें बेबुनियाद थीं.

दिल्ली हिंसा : रजनीकांत बोले- देश में शांति कायम करने के लिए कोई भी भूमिका निभाने को तैयार

बताते चलें कि रविवार शाम को फैली अफवाह के बाद DMRC ने पश्चिम दिल्ली के 7 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया था. कुछ वक्त के बाद जब यह पता चला कि हिंसा की खबरें महज अफवाह हैं तो सभी स्टेशनों को खोल दिया गया. इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई. दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से भी इन खबरों का खंडन करती रही और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.

VIDEO: अफवाहों से बचने के लिए दिल्ली पुलिस की लोगों से अपील

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Delhi Violence, Delhi Violence Rumours
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com