नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही एक बार फिर एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई. सेक्टर-123 की ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में खुले पंप की होदी में गिरने से 4 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान फिरोज आलम उर्फ गोलू पुत्र मुराजुद्दीन के रूप में हुई है. मुराजुद्दीन सीतापुर के रहने वाले हैं. फिलहाल, उनका परिवार सेक्टर-123 के पर्थला गोलचक्कर के पास झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था.
बताया जा रहा है कि बच्चा पानी पीने के लिए गया था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह खुले पंप की होदी में गिर गया. घटना के समय वहां कोई सुरक्षा कर्मचारी मौजूद नहीं था. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सवालों के घेरे में नोएडा प्राधिकरण की सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस ने पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार भी कर दिया है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है. शहर में खुले गड्ढे, खुले नाले और बिना सुरक्षा वाले पंप लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं. पिछले कुछ महीनों में भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है.
ग्रेटर नोएडा में 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबकर हुई थी मासूम की मौत
इससे पहले जुलाई महीने में ही ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में छह साल के मासूम की डूबने से मौत हो गई थी. गड्ढा बारिश के पानी से भरा हुआ था. मासूम खेलते-खेलते बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया था.
यह भी पढ़ें- सड़क पर पड़ा रह गया विकेट और बैट, ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में गिरने से बच्चे की मौत, पिता का दर्द रुला देगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं