- पिछले 10 दिन से छात्रा से छेड़खानी कर रहा था शख्स
- छात्रा ने शख्स की कर दी चप्पल से पिटाई
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां सरेराह बार-बार छेड़छाड़ से आजिज 11वीं की एक छात्रा ने युवक को चप्पल से पीट दिया. इस दौरान भीड़ जुट गई. यूपी-100 टीम युवक को पकड़कर थाने ले गई. छात्रा ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने युवक के खिलाफ मारपीट और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है. छात्रा का आरोप है कि युवक पिछले 10 दिनों से उसे सरेराह छेड़ रहा था. वह उससे विवाह करने के लिए दबाव भी बना रहा रहा था. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था.
गुरुग्राम में मामूली विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या
छात्रा के मुताबिक, शुक्रवार को वह डरी-सहमी विद्यालय से घर जा रही थी तो युवक उसके पीछे लग गया. विद्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित शिवमंदिर के पास युवक उसके साथ छेड़खानी करने लगा. इससे तंग आकर छात्रा ने उसकी चप्पल से पिटाई शुरू कर दी. यह देख आसपास के लोग जुट गए. इसी बीच किसी ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। वहां पहुंची डायल 100 की पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और उसे लेकर थाने चली गई.
छात्रा का आरोप है कि जब उसने यह बात विद्यालय के प्रधानाचार्य को बताई तो उन्होंने उल्टे छात्रा का नाम काटकर विद्यालय से निष्कासित कर दिया और उसे टीसी पकड़ाकर घर भेज दिया, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य का कहना है कि छात्रा से संबंधित जो भी घटना हुई है, वह विद्यालय परिसर से बाहर हुई है.
कुबेरस्थान थाने के एसओ अरुण कुमार मौर्य का कहना है कि पीड़ित छात्रा ने युवक के खिलाफ तहरीर दी थी, उसी आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मारपीट और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
VIDEO: यूपीः एसपी की मौजूदगी में पीआरओ को पीटा, दो वकील गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं