- आतंकवादी बनकर घूम रहा था फिल्म का क्रू मेंबर
- सूचना के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
- पुलिस ने एक्टर को हिरासत में लिया, जांच के बाद छोड़ा
पालघर जिले में 'एक आतंकवादी' की मौजूदगी की खबर मिलने के बाद पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी. फिर बाद में जब व्यक्ति की असली पहचान उजागर हुई तो पुलिस ने राहत की सांस ली. यह पूरा घटनाक्रम सोमवार से ही पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, बाद में मालूम चला कि जिस व्यक्ति को लोग 'आतंकवादी' समझ रहे थे, वह दरअसल एक फिल्म के क्रू दल का सदस्य था. फिल्म की बगल में ही शूटिंग चल रही थी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार की दोपहर को पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक फोन आया. फोन करने वाले ने वसई इलाके में एक 'आतंकी' के कार में घूमने की सूचना दी. अधिकारी के मुताबिक फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि संदिग्ध दिख रहे व्यक्ति की दाढ़ी बढ़ी हुई है और उसके पास गोलियों का एक पाउच है. यह फोन आने के साथ ही इलाके के विभिन्न थानों को सतर्क कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: लड़की को छेड़ते थे दो लड़के, परेशान होकर आग लगाकर कर ली आत्महत्या, लेकिन अब...
पुलिस ने व्यक्ति का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, जिसे मानिकपुर में सन सिटी इलाके में कार के साथ देखा गया था. इसके बाद व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया. बकौल अधिकारी पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने बताया कि वह पास में शूट हो रही एक फिल्म के क्रू दल का सदस्य है. वह फिल्मी वेशभूषा में ही इलाके में घूम रहा था. पुलिस द्वारा व्यक्ति की पहचान की पुष्टि के बाद उसे रिहा कर दिया गया. (इनपुट: भाषा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं