पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने मौजूदा पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है. एक इंटरव्यू में अफरीदी ने कहा कि फिलहाल टीम में ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो अकेले दम पर मैच जिता सकें. हालांकि उन्होंने युवा बल्लेबाज सैम अयूब को पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य बताते हुए कहा कि वह बड़े मुकाबलों में टीम को जीत दिलाने की क्षमता रखते हैं.
जियो क्लासिक्स को दिए इंटरव्यू के दौरान शाहिद अफरीदी ने कहा कि वर्तमान पाकिस्तान टीम में मैच विनर्स की कमी है. उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में हर खिलाड़ी को अपना योगदान देना होगा. अफरीदी ने कहा, 'इस वक्त हमारी टीम में मैच विनर्स नहीं हैं. हर खिलाड़ी को थोड़ा-थोड़ा योगदान देना पड़ेगा. छोटी-छोटी परफॉर्मेंस भी टीम के लिए अहम होंगी.'
सैम अयूब पर लगाया बड़ा दांव
अफरीदी ने पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज सैम अयूब की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सैम तीनों फॉर्मेट खेलने की क्षमता रखते हैं और भविष्य में पाकिस्तान को बड़े मैच जिता सकते हैं. उनके मुताबिक, 'सैम अयूब टॉप खिलाड़ी हैं और आगे चलकर पाकिस्तान को बड़े मुकाबलों में जीत दिलाने की क्षमता रखते हैं.'
मोहम्मद रिजवान की कप्तानी का किया समर्थन
पूर्व ऑलराउंडर ने मोहम्मद रिजवान को कप्तान के तौर पर अपना समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि रिजवान अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ टीम के अन्य खिलाड़ियों से भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकाल सकते हैं. अफरीदी ने उम्मीद जताई कि रिजवान टीम को एकजुट रखते हुए बेहतर परिणाम दिला सकते हैं.
वकार यूनिस को लेकर भी दिया साफ जवाब
इंटरव्यू में जब उनसे कप्तानों और कोचों को लेकर सवाल पूछा गया तो अफरीदी ने कहा कि वकार यूनिस दुनिया के महान तेज गेंदबाजों में से एक हैं, लेकिन उन्हें हेड कोच के रूप में वह समर्थन नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि वकार यूनिस बतौर गेंदबाज और बॉलिंग कोच शानदार रहे, लेकिन हेड कोच की भूमिका में वह उतने प्रभावशाली नहीं लगे.
इफ्तिखार और शादाब पर भी उठाए सवाल
अफरीदी ने चयन को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि इफ्तिखार अहमद और शादाब खान को लंबे समय तक मौके मिले, लेकिन प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को नजरअंदाज करने के बजाय घरेलू क्रिकेट में भेजकर फिर से खुद को साबित करने का मौका देना चाहिए.
PM बनते ही क्या करेंगे शाहिद अफरीदी?
इंटरव्यू में शाहिद अफरीदी से पूछा गया कि अगर उन्हें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले तो उनका पहला आदेश क्या होगा. इसके जवाब में अफरीदी ने कहा कि वह सबसे पहले सभी विपक्षी और सत्ताधारी नेताओं को एक साथ बुलाएंगे.
अफरीदी ने कहा, 'मेरा पहला हुक्म यही होगा कि जितनी भी विपक्षी पार्टियां हैं, सभी आ जाओ, बैठो और बताओ कि मुल्क को किस तरह चलाना है. देश को साथ लेकर चलना होगा.' इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वह राजनीति पर खुलकर टिप्पणी करने से बचते हैं, क्योंकि उनकी व्यक्तिगत राजनीतिक पसंद हो सकती है, लेकिन उस पर अनावश्यक विवाद और ट्रोलिंग शुरू हो जाती है.
यह भी पढ़ें- VIDEO: टीम इंडिया का क्रिकेटर रोजी-रोटी के लिए कर रहा संघर्ष, सड़क किनारे पोस्टर बेचने का वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं