ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम से दरकिनार किए गए सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच न्यू साउथ वेल्स टीम की ओर से खेल चुके पूर्व साथी खिलाड़ी एड कोवान के समर्थन में उतर आए हैं। कैटिच का कहना है कि कोवान टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज के रूप में योग्य उत्तराधिकारी साबित होंगे। कोवान को भारत के साथ जारी चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में पहली बार जगह मिली है। 36 वर्षीय कैटिच और कोवान घरेलू स्तर पर न्यू साउथ वेल्स टीम की ओर से एक साथ खेल चुके हैं। कोवान अब तस्मानिया के लिए खेलते हैं। बकौल कैटिच, "निश्चिततौर पर कोवान टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इस वर्ष घरेलू स्तर पर बहुत रन बनाए हैं। वह इसके हकदार थे। उनका भविष्य उज्जवल है।" कैटिच का कहना है कि टेस्ट टीम से बाहर किए जाने और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के वर्ष 2011-12 सत्र के लिए 25 अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची में नाम शामिल नहीं करने को लेकर वह ज्यादा परेशान नहीं हैं। कैटिच ने कहा, "मैंने हाल में अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर के बारे में बात की है। पिछले पांच महीनों में मेरे साथ बहुत कुछ हुआ लेकिन मैं समझ सकता हूं कि चयनकर्ता सम्भवत: अलग दिशा में जा रहे हैं।" उल्लेखनीय है कि कैटिच ने आस्ट्रेलिया की ओर से 56 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 45.03 की औसत से 4,188 रन बनाए हैं जिनमें 10 शतक और 25 अर्धशतक शामिल है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं