भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार (नौ अक्टूबर 2026) को रांची में खेला जाएगा. जहां भारतीय टीम की कोशिश रहेगी कि वह इस मुकाबले को भी जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाए. वहीं विपक्षी टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज को 1-1 की बराबरी पर लाना चाहेगी. यही वजह है कि क्रिकेट एक्सपर्ट कल के मुकाबले को बेहद अहम मान रहे हैं. भारतीय टीम भी विपक्षी टीम को हल्के में नहीं ले रही है और रांची में जीत हासिल करने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रही है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले का आगाज हो. उससे पहले बात करें श्रेयस अय्यर एंड कंपनी दूसरे टी20 मुकाबले में किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतर सकती है, तो वह कुछ इस प्रकार हो सकती है-
अभिषेक- संजू पारी का आगाज करते हुए आ सकते हैं नजर
पहले टी20 मुकाबले में पारी का आगाज करते हुए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन का बल्ला कुछ खास नहीं चला था. सैमसन नौ गेंद में 11 और अभिषेक 10 गेंद में 21 रन का ही योगदान दे पाए थे. हालांकि, इसके बावजूद दूसरे टी20 मुकाबले में भी इन दोनों बल्लेबाजों का खेलना करीब-करीब तय हैं. क्योंकि हाल के दिनों में दोनों बल्लेबाजों ने पारी का आगाज करते हुए शानदार बल्लेबाजी की है और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है.
किशन, श्रेयस और तिलक के कंधों पर रहेगी मध्यक्रम की जिम्मेदारी
मध्यक्रम की जिम्मेदारी विशेष रूप से ईशान किशन, कैप्टन श्रेयस अय्यर और वाइस कैप्टन तिलक वर्मा के कंधों पर रहेगी. पिछली मुकाबले में चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए श्रेयस का बल्ला खूब चला था. टीम के लिए उन्होंने महज 43 गेंदों में 237.21 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 102 रनों की शतकीय पारी खेली थी. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 10 चौके और छह छक्के देखने को मिले थे.
वहीं ईशान किशन ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नाबाद 37 रनों का योगदान दिया था. तिलक वर्मा को पिछले मुकाबले में बल्लेबाजी करने का अवसर प्राप्त नहीं हुआ था. मगर उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरी दुनिया वाकिफ है.
तीन ऑलराउंडर के साथ मैदान में उतर सकती है टीम
दूसरे टी20 मुकाबले में भी भारतीय टीम तीन ऑलराउंडर के साथ मैदान में उतर सकती है. जिसमें शिवम दूबे और अक्षर पटेल का नाम करीब-करीब कंफर्म है. वहीं तीसरे ऑलराउंडर के तौर पर नमन धीर को मौका मिल सकता है. क्योंकि उन्होंने पिछले मुकाबले में दमदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए थे. ये तीनों ही खिलाड़ी बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी कहर ढाने में माहिर हैं.
मयंक की जगह प्रिंस को मिल सकता है मौका
पहले टी20 मुकाबले में गेंदबाजी के दौरान मयंक यादव काफी महंगे साबित हुए थे. उन्होंने अपने चार ओवरों के स्पेल में 40 रन लुटा डाले थे. इस बीच उन्हें कोई सफलता भी हाथ नहीं लगी थी. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि दूसरे टी20 मुकाबले में उनकी जगह पर प्रिंस यादव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है.
अर्शदीप सिंह का मैदान में उतरना कंफर्म है. उन्होंने पिछले मुकाबले में भी एक सफलता प्राप्त की थी. मुख्य स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है.
दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कैप्टन), तिलक वर्मा (वाइस कैप्टन), शिवम दूबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से भिड़ने से पहले श्रीलंका का बड़ा दांव, धनंजय ने छोड़ी कप्तानी, फिर किसे मिल गई टीम की कमान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं