भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने हाल ही में अपनी ऑलटाइम अंडररेटेड वनडे प्लेइंग इलेवन चुनी है. क्रिकबज से बातचीत में रहाणे ने ऐसे खिलाड़ियों को अपनी टीम में जगह दी, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें उतनी चर्चा नहीं मिली जितनी उनके समकालीन सितारों को मिली. इस टीम में भारत, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और इंग्लैंड के कई दिग्गज खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं.
ओपनिंग में ग्रेम स्मिथ और नाथन एस्टल
रहाणे ने अपनी अंडररेटेड वनडे XI की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रेम स्मिथ और न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज नाथन एस्टल के साथ की. स्मिथ अपनी नेतृत्व क्षमता और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने के लिए जाने जाते थे, जबकि एस्टल आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे.
नंबर 3 पर सुरेश रैना, नंबर 4 पर अरविंदा डी सिल्वा
रहाणे ने तीसरे नंबर पर भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना को चुना. रैना लंबे समय तक भारत की सीमित ओवरों की टीम का अहम हिस्सा रहे और दबाव के क्षणों में कई यादगार पारियां खेलीं. चौथे नंबर पर श्रीलंका के महान बल्लेबाज अरविंदा डी सिल्वा को जगह मिली, जिन्होंने 1996 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी और बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी मैच जिताऊ प्रदर्शन किया था.
विकेटकीपर के तौर पर मार्क बाउचर को चुना
विकेटकीपर की भूमिका के लिए रहाणे ने दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर पर भरोसा जताया. हालांकि वनडे क्रिकेट के महान विकेटकीपरों की चर्चा में अक्सर एमएस धोनी और एडम गिलक्रिस्ट का नाम लिया जाता है, लेकिन बाउचर का रिकॉर्ड भी बेहद शानदार रहा है. उन्होंने अपने वनडे करियर में 424 शिकार किए, जिनमें 402 कैच और 22 स्टंपिंग शामिल हैं.
ऑलराउंडर विभाग में फ्लिंटॉफ और रॉबिन सिंह
ऑलराउंडरों की सूची में रहाणे ने इंग्लैंड के एंड्रयू फ्लिंटॉफ और भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन सिंह को चुना. फ्लिंटॉफ अपने आक्रामक खेल और बड़े मौकों पर प्रभाव छोड़ने की क्षमता के लिए जाने जाते थे. वहीं रॉबिन सिंह 1990 के दशक में भारत के लिए उपयोगी बल्लेबाज, गेंदबाज और शानदार फील्डर रहे, हालांकि उन्हें अक्सर उतनी सुर्खियां नहीं मिलीं जितनी दूसरे खिलाड़ियों को मिलीं.
गेंदबाजी अटैक में वेट्टोरी, स्वान, बॉन्ड और वास
गेंदबाजी विभाग में रहाणे ने दो स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों को शामिल किया. स्पिन विभाग में न्यूजीलैंड के डेनियल वेट्टोरी और इंग्लैंड के ग्रेम स्वान को जगह मिली. वहीं तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी न्यूजीलैंड के शेन बॉन्ड और श्रीलंका के चामिंडा वास को सौंपी गई. बॉन्ड अपनी रफ्तार और विकेट लेने की क्षमता के लिए मशहूर थे, जबकि वास अपनी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को लगातार परेशान करते थे.
अजिंक्य रहाणे की अंडररेटेड ODI XI
ग्रेम स्मिथ, नाथन एस्टल, सुरेश रैना, अरविंदा डी सिल्वा, मार्क बाउचर (विकेटकीपर), एंड्रयू फ्लिंटॉफ, रॉबिन सिंह, डेनियल वेट्टोरी, ग्रेम स्वान, शेन बॉन्ड और चामिंडा वास.
यह भी पढ़ें- 2026 में इन 9 दिग्गजों ने क्रिकेट को कहा अलविदा, एक ने जड़े 48 शतक, दूसरे ने चटकाए 352 विकेट
यह भी पढ़ें- 'मैं कड़ी मेहनत क्यों करूं?' लंबे इंतजार से टूटा सरफराज का सब्र, खुलकर बयां किया दर्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं