विज्ञापन
This Article is From May 11, 2017

वाराणसी में मूक बधिर नाबालिग बच्ची बलात्कार की शिकार

इस मामले को लेकर महिलाओं ने मंडुवाडीह थाने पर धरना प्रदर्शन किया. आरोपी संजय (25) गाजीपुर के हसनपुर जखनिया का रहने वाला है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

वाराणसी में मूक बधिर नाबालिग बच्ची बलात्कार की शिकार
वाराणसी: वाराणसी के मंडुवाडीह थाने में इंसाफ की गुहार लिखी तख्ती लिये एक बार फिर लोग वैसे ही दिखाई पड़े जैसे कि देश के किसी दूसरे हिस्से में बलात्कार के बाद इंसाफ की गुहार लगाते नजर आते हैं. यहां भी मामला एक आठ साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार का था. ये बच्ची मूक बधिर थी लिहाजा वो अस्मत लुटते वक़्त शोर भी नहीं मचा सकी. बच्ची के साथ बीती रात जो कुछ हुआ वो दहला देने वाला है. रात में गहरी नींद में सो रही बच्ची को शराब के नशे में धुत्त एक शख्श ने पहले तो उसे अगवा किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म कर उसे छोड़ दिया. इस घटना के बाद बच्ची की हालत बेहद खराब है. उसे पहले मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा में भर्ती कराया गया. गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया. अब बीएचयू में उसका इलाज चल रहा है.

बताया जा रहा है कि आरोपी ने रात में इस घटना को अंजाम देने से पहले एक साल की एक बच्ची के अपहरण का प्रयास किया था लेकिन बच्ची के शोर करने के बाद वह उसे छोड़कर भाग गया. वहां असफल रहने के बाद उस हैवान ने दूसरी बस्ती में जाकर घर के बाहर सो रही मूक-बधिर बच्ची का अपहरण किया और उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया. मूक-बधिर होने के कारण बच्ची बोल नहीं सकी. रात में बच्ची के परिवार वालों ने बेटी को न पाकर उसे ढूंढ़ना शुरू किया तो वह खेत के पास मिली. परिवार वालों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी. सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस घटनास्‍थल पर पहुंची.

इस मामले को लेकर महिलाओं ने मंडुवाडीह थाने पर धरना प्रदर्शन किया. आरोपी संजय (25) गाजीपुर के हसनपुर जखनिया का रहने वाला है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. दुराचार पीड़िता को रानी लक्ष्मीबाई कोष से 3 लाख की आर्थिक मदद दिलाने के लिए जिला पुलिस से जिला प्रोबेशन अधिकारी ने रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है. दूसरी ओर बीएचयू अस्पताल पहुंचे एसएसपी ने मासूम के उपचार का पूरा खर्च उठाने की बात कही है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Varanasi, Disabled Girl Raped, Varanasi Police, Rape
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com