- हरियाणा के धारणवास गांव की रवीना बनेटा ने परिवार और गांव के तानों के बावजूद सिविल सेवा में सफलता हासिल की
- आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद रवीना ने दिल्ली में भाई-बहनों के साथ सीमित संसाधनों में पढ़ाई जारी रखी
- लगातार असफलताओं के बाद चौथे प्रयास में हरियाणा लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 49वीं रैंक पाकर SDM बनीं
Raveena Baneta HCS Haryana Success Story: इतने पैसे पढ़ाई पर खर्च कर रहे हो, कहीं लड़की भाग गई तो?" हरियाणा के धारणवास गांव में रवीना बनेटा के परिवार को सालों तक ऐसे ताने सुनने पड़े. रिश्तेदार शादी कराने की सलाह देते थे, गांव वाले बेटी की पढ़ाई पर सवाल उठाते थे. उधर रवीना दिल्ली में भाई-बहनों के साथ कभी चटनी-रोटी खाकर तो कभी बिना दूध की चाय पीकर पढ़ाई कर रही थीं. कई बार परीक्षा में असफल रहीं, प्राइवेट नौकरी भी छूट गई, मगर हिम्मत नहीं हारी. आखिर चौथे प्रयास में हरियाणा लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 49वीं रैंक हासिल कर SDM बन गईं.
जब गांव वालों को बेटी की पढ़ाई से ज्यादा शादी की चिंता थी
हरियाणा के तोशाम के धारणवास गांव की रहने वाली रवीना बनेटा बताती हैं कि जब वह सिविल सेवा की तैयारी के लिए दिल्ली में रह रही थीं, तब गांव में तरह-तरह की बातें होती थीं. लोग उनके परिवार से कहते थे कि लड़की कई सालों से शहर में है, आखिर कर क्या रही है. पढ़ाई पर इतना खर्च करने से अच्छा उसकी शादी कर दो. कुछ लोग तो यहां तक कह देते थे कि "इतने पैसे पढ़ाई पर लगा रहे हो, कहीं लड़की भाग गई तो?" जब भी वह गांव जाती थीं, कई बार रिश्तेदार और परिचित उन्हें ताने सुनाते थे. शादी, उम्र, कद और भविष्य को लेकर सवाल खड़े किए जाते थे. लेकिन रवीना ने हर ताने को अपने लक्ष्य के लिए ईंधन बना लिया.

raveena baneta hcs haryana success story Photo Credit: haryananews24
जिस बेटी के जन्म पर जश्न नहीं मना, उसने पूरे परिवार का नाम रोशन कर दिया
रवीना बताती हैं कि वह अपने परिवार की सबसे बड़ी बेटी हैं. उनके जन्म पर कोई खास जश्न नहीं मनाया गया था. परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और बचपन अभावों में बीता. छठी कक्षा में एक शिक्षक ने उन्हें बताया कि आईएएस या प्रशासनिक अधिकारी बनकर न सिर्फ परिवार का नाम रोशन किया जा सकता है, बल्कि घर की आर्थिक स्थिति भी बदली जा सकती है. उसी दिन उन्होंने तय कर लिया कि एक दिन अफसर बनना है. सिविल सेवा का सपना देखते हुए उन्होंने नौवीं कक्षा में ही आर्ट्स विषय चुना. पढ़ाई में वह हमेशा अव्वल रहीं और 12वीं में जिला टॉपर बनीं. इसके बाद दादा ने उनका दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला करवाया. हालांकि दिल्ली पहुंचकर उन्हें महसूस हुआ कि यहां हर छात्र अपने क्षेत्र का टॉपर है. अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई करना भी उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी.
जब दादा ने कहा- चयन नहीं होगा, कोई नौकरी कर लो
स्नातक के बाद रवीना सिविल सेवा की तैयारी में जुट गईं. लेकिन सफलता जल्दी नहीं मिली. एक समय ऐसा भी आया जब घर से आर्थिक मदद मिलनी कम हो गई. रवीना के मुताबिक, दादा ने साफ कह दिया था कि अब अपना खर्च खुद चलाओ. उन्होंने यहां तक कहा कि तुम्हारा चयन नहीं होगा, कोई छोटी-मोटी नौकरी कर लो, कम से कम रेहड़ी ही लगा लो. इसके बाद रवीना ने कंटेंट राइटिंग का काम शुरू किया और करीब ढाई साल तक नौकरी करते हुए तैयारी जारी रखी.
तीन भाई-बहनों का संघर्ष, कई बार सब्जी खरीदने तक के पैसे नहीं थे
साल 2020 में छोटी बहन और फिर भाई भी दिल्ली आ गए. तीनों भाई-बहन साथ रहने लगे और सीमित पैसों में गुजारा करने लगे. रवीना बताती हैं कि पूरा महीना करीब 23 हजार रुपये में निकालना पड़ता था. कई बार हालत ऐसी हो जाती थी कि सब्जी खरीदने तक के पैसे नहीं बचते थे. ऐसे दिनों में चटनी और रोटी ही भोजन बन जाती थी.
घर में दूध नहीं होता था, इसलिए बिना दूध की चाय बनती थी. भाई रोटी बनाता था और बहन सब्जी.
एसी-कूलर नहीं था, गीले फर्श पर बैठकर पढ़ाई की
दिल्ली की गर्मी में एसी और कूलर लगवाना संभव नहीं था. इसलिए भाई-बहन फर्श पर पानी डालकर उसे गीला करते थे और उसी पर बैठकर पढ़ते और सोते थे. लेकिन इन समस्याओं ने उनके सपनों का दम नहीं तोड़ा. कोविड के दौरान भी रवीना दिल्ली में ही रहीं. उन्हें डर था कि अगर घर लौट गईं तो शायद तैयारी छूट जाएगी. इसी बीच 2022 में उनकी कंटेंट राइटिंग की नौकरी भी चली गई. वह टूट गईं. रोते हुए पिता को फोन किया और नौकरी जाने की बात बताई. पिता ने सिर्फ इतना कहा, "कोई बात नहीं, फिर से तैयारी करो." यही शब्द उनके लिए नई ताकत बन गए.
पिता बोले- पैसे कहीं से भी लाऊंगा, तैयारी मत छोड़ना
9 फरवरी 2022 को रवीना ने फिर किताबें उठा लीं. उस वर्ष यूपीएससी प्री नहीं निकला. वह बुरी तरह निराश हो गईं. लेकिन पिता हर बार उनके साथ खड़े रहे. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो कोचिंग के लिए पैसे कहीं से भी लेकर आएंगे. बाद में उन्होंने दूसरों के खेत बंटाई पर लेकर खेती शुरू की ताकि बेटी की पढ़ाई जारी रह सके. रवीना की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्हें बार-बार असफलता का सामना करना पड़ा. एक प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन चयन नहीं हुआ. दूसरे प्रयास में प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर सकीं. तीसरे प्रयास में फिर इंटरव्यू तक पहुंचीं, मगर सफलता नहीं मिली.
फरवरी 2024 में भी प्री और मुख्य परीक्षा पास करने के बावजूद इंटरव्यू में रह गईं. 22 अप्रैल 2025 को आए परिणाम में भी अंतिम चयन से चूक गईं. बार-बार की असफलताओं ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था. हालात ऐसे हो गए कि पिता ने मां को दिल्ली भेज दिया ताकि बेटी अकेलेपन में कोई गलत कदम न उठा ले. असफलताओं, गरीबी, तानों और संघर्षों के लंबे दौर के बाद रवीना ने एक बार फिर तैयारी शुरू की. फोरम आईएएस से मार्गदर्शन लिया और पूरी ताकत के साथ जुट गईं.
आखिर वह दिन आ ही गया जिसका इंतजार वर्षों से था. हरियाणा लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम अक्टूबर 2026 में आया. रवीना बनेटा ने चौथे प्रयास में 49वीं रैंक हासिल की और SDM पद के लिए चयनित हो गईं. जिस बेटी के लिए कभी कहा जाता था, "कहीं लड़की भाग गई तो...", आज वही बेटी पूरे गांव, परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन गई है.
यह भी पढ़ें- भाई-बहन बने IAS-IPS, पल्लवी मिश्रा-आदित्य मिश्रा की सफलता में संयुक्त परिवार बना सबसे बड़ी ताकत
यह भी पढ़ें- ड्राइवर की बेटी मोना जाखड़ बनीं IPS, बोलीं-मेरी सफलता में जाट समाज का सबसे बड़ा योगदान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं