विज्ञापन
This Article is From Feb 10, 2022

मध्यप्रदेश को मिलने वाले हैं 10 नए मेडिकल कॉलेज, राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 10 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना पर काम कर रही है.

मध्यप्रदेश को मिलने वाले हैं 10 नए मेडिकल कॉलेज, राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
पीपीपी के आधार पर भी मेडिकल कॉलेज खोलने पर विचार कर रहे हैं: चिकित्सा शिक्षा मंत्री
इंदौर:

मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 10 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना पर काम कर रही है. अपने विभाग की गतिविधियों की समीक्षा के लिए इंदौर आए सारंग ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘हम राज्य में 10 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी कर रहे हैं. हम सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के आधार पर भी मेडिकल कॉलेज खोलने पर विचार कर रहे हैं.''

ये भी पढ़ें- अब हिंदी भाषा में भी कर सकेंगे MBBS की पढ़ाई, भोपाल के गांधी चिकित्सा महाविद्यालय से होगी शुरूआत

चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से पांच आयातित जीनोम सीक्वेंसिंग मशीनें मिलने वाली हैं और ऐसी चार मशीनें प्रदेश सरकार खुद खरीदेगी. उन्होंने बताया, ‘‘इन मशीनों को राज्य के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में स्थापित किया जाएगा.''

सारंग ने ये भी बताया कि राज्य सरकार जल्द ही ‘‘मरीज मित्र योजना'' शुरू करेगी जिसके तहत इच्छुक लोग अस्पतालों में स्वयंसेवकों के रूप में काम करते हुए रोगियों और उनके तीमारदारों की यथासंभव मदद कर सकेंगे.

इस बीच, चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने इंदौर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और अकादमिक ब्लॉक के नए भवनों के निर्माण की नींव रखी और नवीन स्नातकोत्तर विभाग भवन का लोकार्पण किया.

उन्होंने घोषणा की कि राज्य में सरकारी क्षेत्र के इस इकलौते दंत चिकित्सा महाविद्यालय में बीडीएस की सीटों की संख्या 63 से बढ़ाकर 100 की जाएगी. इसके साथ ही, एमडीएस की 27 सीटों को दोगुना बढ़ाकर 54 किया जाएगा.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh, 10 New Medical Colleges, Medical Education Minister Vishwas Sarang
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com