यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) को अपना नया चेयरमैन मिल गया है. सीनियर आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को यूपी लोक सेवा आयोग का चेयरमैन बनाया गया है. आलोक सिंह 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और अगले दो साल तक वो इस पद पर रहेंगे. पिछले कुछ दिनों से उनके नाम को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं, जिस पर अब सरकार ने आदेश जारी कर मुहर लगा दी है. जनवरी 2027 में वो रिटायर हो रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यानी वो रिटायरमेंट के दो साल बाद भी UPPSC अध्यक्ष के तौर पर नौकरी पर रहेंगे.
कौन हैं IPS आलोक सिंह?
आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह 1995 बैच के यूपी कैडर के अधिकारी हैं. वो यूपी के अलीगढ़ के ही रहने वाले हैं. आलोक सिंह ने बीएससी, इकनॉमिक्स में एमए और एमबीए की पढ़ाई की है. इतने साल की सेवा के दौरान उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया. 2020 में उन्हें नोएडा का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया. इसके अलावा उन्होने एडीजी कानपुर, आईजी मेरठ जैसे पदों की जिम्मेदारी भी मिली. पुलिस पदक से लेकर पुलिस वीरता पदक और तमाम तरह के अवॉर्ड भी उन्हें मिले हैं.
तमाम बड़े पदों पर भर्ती करता है UPPSC
UPPSC यानी उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तरफ से पूरे यूपी में तमाम बड़े पदों पर भर्ती की जाती है. इसमें यूपी पीसीएस, पीसीएस-जे यानी जज की परीक्षा और तमाम बड़े विभागों की भर्तियां शामिल हैं. हर साल यूपी लोक सेवा आयोग करीब 12 से 15 हजार भर्तियां करता है. अब इन तमाम भर्तियों की जिम्मेदारी योगी सरकार ने तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी के हाथों में सौंपी है.
IPS अधिकारियों को दी जा रही कमान
यूपी में तमाम तरह की भर्ती परीक्षाओं की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारियों को दी जा रही है. आईपीएस आलोक कुमार से पहले भी योगी सरकार ऐसे अहम पदों पर आईपीएस अधिकारियों को बिठाने का काम कर चुकी है. इसमें सबसे बड़ा नाम उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के चेयरमैन प्रशांत कुमार का है, जो यूपी पुलिस के डीजीपी रह चुके हैं. इसके अलावा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की जिम्मेदारी पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत को दी गई है. वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की कमान पूर्व आईपीएस एसबी शिरडकर के हाथों में है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली पुलिस कांस्टेबल की पहली इन-हैंड सैलरी कितनी होती है? ये मिलते हैं फायदे
यह भी पढ़ें | पहली बार UPSC को बदलना पड़ा रिजल्ट, 277 से 26 हुई IAS आशुतोष अग्निहोत्री की रैंक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं