- बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर को 6 IPS अधिकारियों के तबादले किए, जिनमें डॉ. नवजोत सिमी का स्थानांतरण भी शामिल है
- नवजोत सिमी को अरवल एसपी से अपराध अनुसंधान विभाग में पुलिस अधीक्षक (सीआईओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई है
- आईपीएस रत्न संजय को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना के पद पर नियुक्त किया गया है
IPS Navjot Simi Transfer: बिहार कैडर की चर्चित भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी डॉ. नवजोत सिमी का तबादला कर दिया गया है. बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर की रात छह आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस फेरबदल में आईपीएस नवजोत सिमी को अपराध अनुसंधान विभाग में पुलिस अधीक्षक (सीआईओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पंजाब की डॉक्टर से बिहार कैडर की आईपीएस बनीं नवजोत सिमी पश्चिम बंगाल जाकर आईएएस अधिकारी तुषार सिंगला से वैलेंटाइन डे के मौके पर लव मैरिज करने की वजह से भी चर्चा में रही हैं. बिहार सरकार ने 2018 बैच की आईपीएस नवजोत सिमी को पुलिस अधीक्षक, अरवल के पद से स्थानांतरित कर अपराध अनुसंधान विभाग में पुलिस अधीक्षक (सीआईओ) पद पर भेजा है.

ips navjot simi transfer posted as cio sp cid bihar police Photo Credit: @dr. ips navjot simi instgram
आईपीएस रत्न संजय को भी मिली पोस्टिंग
आईपीएस नवजोत सिमी के अलावा 1998 बैच के आईपीएस रत्न संजय को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना के पद पर तैनात किया गया है. वे पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे. 1998 बैच की आईपीएस कोस सुहिता अनुपम को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) के पद से अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार, पटना के पद पर नियुक्त किया गया है.

बिहार सरकार ने नवजोत सिमी समेत छह आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है.
आईपीएस किरण कुमार गौरख अब अरवल एसपी
2016 बैच के आईपीएस किरण कुमार गौरख जाधव को महामहिम राज्यपाल के परिसहाय (पुलिस), राज्यपाल सचिवालय के पद से पुलिस अधीक्षक, अरवल बनाया गया है.2019 बैच के आईपीएस चंद्र प्रकाश को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना के समादेष्टा पद से नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), पटना के पद पर तैनात किया गया है. 2006 बैच की आईपीएस ममता कल्याणी, जो वर्तमान में पटना सेंट्रल एसपी थीं, को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना का समादेष्टा बनाया गया है.
बिहार में छह आईपीएस अधिकारियों का फेरबदल
बिहार सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. इनमें कानून-व्यवस्था, अपराध अनुसंधान विभाग और जिला पुलिस प्रशासन से जुड़े पद शामिल हैं. नवजोत सिमी के स्थानांतरण को भी प्रमुख बदलावों में माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- IPS श्रुति श्रीवास्तव को योगी सरकार ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, 24 की उम्र में बिना कोचिंग पास की UPSC
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं