नई दिल्ली: थोकमूल्य आधारित मुद्रास्फीति मई में बढ़कर 0.79 प्रतिशत पर पहुंच गयी। माह के दौरान खाद्य एवं सब्जियों के मूल्यस्तर एक साल पहले की तुलना में क्रमश: 7.88 और करीब 13 प्रतिशत ऊंची रहे।
थोक मुद्रास्फीति लंबे समय तक शून्य से नीचे रहने के बाद दो माह से शून्य से उपर चल रही है। अप्रैल में थोक मूल्य आधारित मुद्रास्फीति 0.34 प्रतिशत और मार्च में यह शून्य से 0.45 प्रतिशत नीचे थी। पिछले साल मई में थोक मूल्य मुद्रास्फीति शून्य से 2.20 प्रतिशत नीचे थी। सरकार की ओर से आज जारी मई के थोक मूल्य सूचकांकों के मुताबिक आलोच्य माह में खाद्य मुद्रास्फीति मई में 7.88 प्रतिशत रही जबकि अप्रैल में यह 4.23 प्रतिशत थी।
सब्जियों की मंहगाई दर 12.94 प्रतिशत रही जो इससे पिछले महीने दर्ज 2.21 प्रतिशत के मुकाबले तेज बढ़ोतरी दर्शाती है। दाल दलहन की मंहगाई दर 35.56 प्रतिशत पर इससे पिछले माह के स्तर पर कायम रही। अंडा, मांस और मछली की मुद्रास्फीति 9.75 प्रतिशत रही जबकि फलों में मूल्यवृद्धि दर 3.80 प्रतिशत रही। हालांकि, प्याज की कीमत में मई में गिरावट बरकरार रही और इसके भाव एक साल पहले की तुलना में 21.70 प्रतिशत नीचे रहे।
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)