खास बातें
- सरकार रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चंद ही सप्ताहों के भीतर राष्ट्रीय विनिर्माण नीति को अंतिम रूप दे देगी।
नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि सरकार रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चंद ही सप्ताहों के भीतर राष्ट्रीय विनिर्माण नीति को अंतिम रूप दे देगी। शर्मा ने भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा आयोजित दूसरी निर्यात शिखर बैठक में कहा, "कैबिनट की टिप्पणी पर कल हस्ताक्ष हो गये। अब से कुछ ही सप्ताहों में देश के पास अपनी पहली राष्ट्रीय विनिर्माण नीति होगी।" शर्मा ने कहा, "अब से कुछ ही वर्षों में 10 करोड़ से अधिक भारतीय युवा श्रमशक्ति से जुड़ेंगे। विनिर्माण एक मात्र ऐसा क्षेत्र है, जो लोगों को रोजगार मुहैया करा सकता है।" प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली एक उच्चस्तरीय समिति ने हाल ही में राष्ट्रीय विनिर्माण नीति के मसौदे को मंजूरी दे दी थी। उद्योग जगत, महत्वपूर्ण सुधारों और कानूनों को आगे न बढ़ाने के लिए मनमोहन सिंह सरकार की आलोचना कर चुका है। शर्मा ने हालांकि कहा कि सरकार किसी नीति अपंगता से पीड़ित नहीं है और वह सुधार प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। शर्मा ने शिखर बैठक के इतर मौके पर संवाददाताओं से कहा, "हम उद्योग जगत की चिंताओं को गम्भीरता से ले रहे हैं और उसे दूर करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएंगे। उद्योग जगत और सरकार के बीच बातचीत को बढ़ावा देने के लिए मेरी अध्यक्षता में एक संयुक्त कार्य बल गठित किया गया है।" उद्योग जगत, सरकार से अधोसंरचना मजबूत करने के लिए भी कह रहा है और ऊंची ब्याज दर और लेनदेन की ऊंची लागत को लेकर शिकायत भी कर रहा है। शर्मा ने कहा, "हम इन मुद्दों से निपटने के लिए बुनियादी उपाय कर रहे हैं।"