खास बातें
- यूटीवी सॉफ्टवेयर एंड कम्युनिकेशंस को 31 दिसंबर, 2011 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 96.19 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध नुकसान हुआ है।
मुंबई: मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी यूटीवी सॉफ्टवेयर एंड कम्युनिकेशंस को 31 दिसंबर, 2011 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 96.19 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध नुकसान हुआ है।
बंबई शेयर बाजार को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा है कि पूर्व वित्त वर्ष की समान तिमाही में उसे 39.98 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। समीक्षाधीन तिमाही में यूटीवी की एकीकृत बिक्री 38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 158.43 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 255.14 करोड़ रुपये थी। अमेरिका की वॉल्ट डिज्नी कंपनी यूटीवी सॉफ्टवेयर एंड कम्युनिकेशंस में नियंत्रक हिस्सेदारी खरीदने की प्रक्रिया में है।
यूटीवी ने पिछले साल घोषणा की थी कि वॉल्ट डिज्नी कंपनी ने उसके जनता के पास मौजूद और प्रवर्तकों के शेयर खरीदने की पेशकश की है। यह सौदा करीब 2,000 करोड़ रुपये का बैठेगा। मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने दिसंबर, 2011 में इस सौदे को मंजूरी दी थी। यूटीवी के प्रवर्तकों में रोहिंटन स्क्रूवाला, यूनिलेजर और यूनिलेजर एचके ने पहले ही कंपनी में अपने शेयर वॉल्ट डिज्नी कंपनी (दक्षिण पूर्व एशिया) को बेच दिए हैं।