यह ख़बर 01 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

टाटा पावर ने की दिल्ली में बिजली दर कटौती की सराहना

नई दिल्ली:

दिल्ली की बिजली कंपनी टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) ने बुधवार को प्रति माह 400 यूनिट तक की खपत पर 50 फीसदी सब्सिडी देने के दिल्ली सरकार के फैसले का स्वागत किया।

टीपीडीडीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीर सिन्हा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "उपभोक्ताओं की दृष्टि से यह बढ़िया कदम है। इससे उन्हें राहत मिलेगी। मैं सरकार के फैसले का स्वागत करता हूं।"

नवगठित आम आदमी पार्टी की सरकार ने मंगलवार को दिल्ली में प्रति परिवार प्रति माह 400 यूनिट तक बिजली खपत पर 50 फीसदी सब्सिडी देने की घोषणा की थी। इससे शहर के करीब 25 लाख उपभोक्ताओं को फायदा होगा।

दिल्ली सरकार ने मंगलवार को बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को देश के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक से कराए जाने वाले संभावित लेखापरीक्षण पर अपनी आपत्ति दर्ज करने के लिए भी कहा।

सिन्हा ने संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा, "यदि इसकी (सीएजी द्वारा लेखापरीक्षण) जरूरत होगी, तो हम निर्देशों का निश्चित रूप से पालन करेंगे। हम सभी संवैधानिक, और प्रशासनिक कानूनों और नियमावलियों का पालन करेंगे।"

उन्होंने कहा कि कंपनी सीएजी से जांच कराए जाने के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर रही है।

दिल्ली की अन्य बजली वितरण कंपनियां हैं - रिलायंस की बीएसईएस राजधानी (बीआरपीएल) और बीएसईएस यमुना (बीवाईपीएल) है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

टीपीडीडीएल उत्तरी और पश्चिमोत्तर दिल्ली में करीब 13 लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति करती है।