शेयर बाजार : सेंसेक्स 53 अंक गिरकर 27,876 पर बंद हुआ

शेयर बाजार : सेंसेक्स 53 अंक गिरकर 27,876 पर बंद हुआ

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

शेयर बाजारों में आज मिलाजुला रुख देखने को मिला. बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक 53.60 अंक घटकर 27,876.61 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 8,626.25 अंक पर स्थिर रहा.

इससे पूर्व एशियाई बाजारों में मिलेजुले रुख और देश के बुनियादी ढांचा उद्योगों में सितंबर में अच्छी बढ़त दर्ज किए जाने से बंबई शेयर बाजार में आज कारोबार की शुरुआत 41 अंक की मजबूती के साथ हुई.

बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज कारोबार की शुरुआत में 41.11 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ 27,971.32 अंक पर पहुंच गया. धातु, ऑटोमोबाइल और रीयल्टी क्षेत्र के समूह सूचकांक में भी बढ़त के साथ शुरुआत हुई.

इससे पहले दीवाली के दिन संवत वर्ष 2073 के विशेष मुहूर्त कारोबार में 30-शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 11.30 अंक घट गया था.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज कारोबार की शुरुआत में 27.70 अंक यानी 0.32 प्रतिशत बढ़कर 8,653.40 अंक पर पहुंच गया.

शेयर ब्रोकरों के अनुसार, सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों में बताया गया कि सितंबर में बुनियादी ढांचा उद्योगों की वृद्धि दर 5 प्रतिशत रही, जो कि पिछले तीन माह में सबसे ज्यादा है. सीमेंट, इस्पात और रिफाइनरी जैसे बुनियादी उद्योगों का प्रदर्शन बेहतर रहा. इससे धारणा में सुधार आया.

चीन में अक्तूबर में विनिर्माण गतिविधियां बढ़ने के संकेतों के बीच एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख रहा. इससे भी यहां धारणा में सुधार रहा. हांगकांग का हेंगसेंग सूचकांक 1.31 प्रतिशत, शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.17 प्रतिशत बढ़ गया जबकि जापान का निक्केई शुरुआती कारोबार में 0.15 प्रतिशत घट गया. इस बीच अमेरिका का डाउ जोंस औद्योगिक औसत सूचकांक कल 0.10 प्रतिशत नीचे बंद हुआ.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com